म्यांमार के मंडाले इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन अटैक, दो दिन के लिए हवाई अड्डा बंद
नई दिल्ली। म्यांमार के मंडाले इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन अटैक की खबर आई है। मीडिया रिपोर्ट में एएफपी की तरफ से इस हमले की पुष्टि की गई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को छह ड्रोन के जरिए एयरपोर्ट क्षेत्र को निशाना बनाया गया। लोकतंत्र समर्थक विद्रोहियों पर यह हमला करने के आरोप लग रहे हैं। इस हमले की वजह से एयरपोर्ट पर विमानों का परिचालन बाधित हो गया। म्यांमार की सैन्य समर्थित सरकार ने अगले दो दिन तक मंडाले इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बंद कर दिया है। यह म्यांमार का दूसरा सबसे व्यस्त हवाईअड्डा है।
एयरपोर्ट परिसर में अतिरिक्त सैन्य बलों की तैनाती की गई है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। हालांकि म्यांमार की सरकार की ओर से दावा किया गया कि उसकी सेना ने एयर डिफेंस सिस्टम की सहायता से समय रहते ड्रोन को निष्क्रिय कर दिया था। इस वजह से जनहानि नहीं हुई है। साथ ही किसी भी रनवे या मुख्य नागरिक टर्मिनल को बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। वहीं विद्रोही गुट के मुताबिक इन हमलों में एयरबेस पर खड़े दो विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। हमले के बाद मंडाले की तरफ आने वाले सभी विमानों को म्यिंग्लार एविएशन के जरिए प्यिन ओ ल्विन स्थित अनिसकान एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया। फिलहाल मंडाले एयरपोर्ट पर परिचालन को बंद कर दिया गया है।
आपको बता दें कि साल 2021 में म्यांमार की सेना ने आंग सान सू की की चुनी हुई सरकार को हटाकर तख्तापलट किया था। उसके बाद से वहां गृह युद्ध जैसे हालात हैं। सैन्य शासन और लोकतंत्र समर्थक विद्रोही गुटों के बीच संघर्ष बीते कई सालों से जारी है जो धीरे-धीरे और बढ़ता ही जा रहा है। उधर, म्यांमार के मानवाधिकार संगठन सेना पर हवाई हमलों के जरिए आम नागरिकों को निशाना बनाने के गंभीर आरोप लगाते रहते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सैन्य शासन और लोकतंत्र समर्थकों के संघर्ष में अब तक लगभग एक लाख लोगों की जान जा चुकी है।
