रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार जिताओ और 5000 डॉलर पाओ!, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनाव से पहले चला दांव
वॉशिंगटन। भारत में चुनावों के दौरान जीतने पर पैसे देने की बात तो पार्टियों करती ही हैं। अमेरिका में नवंबर में मध्यावधि चुनाव होने हैं। इससे ठीक पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रिपब्लिकन पार्टी के लिए वोट जुटाने के वास्ते ऐसा ही दांव चला है। ट्रंप ने बुधवार को पार्टी के कार्यक्रम में वादा किया है कि अगर उनकी रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट में जीत हासिल करती है, तो अमेरिका के हर वयस्क को 5000 डॉलर दिए जाएंगे। इससे पहले भी ट्रंप ऐसे एलान कर चुके हैं। बीते साल ट्रंप ने अमेरिका की सेना में काम करने वालों को 1776 डॉलर का वॉरियर डिविडेंड देने का एलान किया था। वहीं, अमेरिकियों को 2000 डॉलर देने की बात भी ट्रंप कह चुके हैं, लेकिन उसके लिए कानून बनाना पड़ता।
बहरहाल, इस बार अमेरिकियों को रिपब्लिकन पार्टी को जिताने के एवज में ट्रंप ने फिर रकम देने की बात कही है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने आर्थिक मोर्चे पर बड़ी सफलता हासिल की है। जिसकी वजह से लोगों को 5000 डॉलर दिए जा सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि अगर रिपब्लिकन जीतते हैं, तो हर वयस्क नागरिक को रकम दूंगा। ट्रंप ने ये नहीं बताया कि हर वयस्क नागरिक को पैसा देने के लिए काफी बड़ी रकम का इंतजाम कहां से करेंगे। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका में करीब 27 करोड़ वयस्क हैं। अगर हर वयस्क को ट्रंप 5000 डॉलर देते हैं, तो सरकार पर 1.35 ट्रिलियन डॉलर का बोझ पड़ेगा।
ट्रंप ने इससे पहले भी अमेरिका के लोगों के लिए आर्थिक योजनाओं का एलान किया था। इस साल जुलाई में ट्रंप ने कहा था कि 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2028 तक अमेरिका में जन्म लेने वाले हर बच्चे के बैंक खाते में 1000 डॉलर जमा कराए जाएंगे। जबकि, बच्चों के माता-पिता भी हर साल इस खाते में 5000 डॉलर तक जमा कर सकते हैं। ट्रंप के ताजा एलान के बाद सबकी नजर इस पर रहने वाली है कि अमेरिका में होने वाले मध्यावधि संसदीय चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी कितनी सीटों पर जीत हासिल करती है। दरअसल, बीते दिनों कई सर्वे आए थे। जिनमें बताया गया था कि अमेरिकी नागरिकों में ट्रंप की लोकप्रियता काफी कम हुई है।
