September 8, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘भारत-अफगानिस्तान नहीं हमारे पड़ोसी प्रांतों से आता है आतंकवाद’, मरियम नवाज ने खोली पोल तो भड़के पाकिस्तान के नेता

लाहौर। पाकिस्तान की सेना और वहां की सरकार ये आरोप लगाती है कि वहां होने वाली आतंकी घटनाएं भारत कराता है, लेकिन अब पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सीएम और पीएम शहबाज शरीफ की भतीजी मरियम नवाज ने भारत पर आरोप लगाने वालों की पोल खोल दी है। मरियम नवाज ने कहा है कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत को भारत और अफगानिस्तान की जगह अपने ही पड़ोसी प्रांतों से खतरा है।

पाकिस्तान के लाहौर में एक कार्यक्रम में मरियम नवाज ने कहा कि पाकिस्तान के जो प्रांत पंजाब से जुड़े हैं, वहां से आतंकवाद आता है। उन्होंने कहा कि दुख की बात है कि 13 करोड़ की आबादी वाले पंजाब प्रांत को पड़ोसी देशों से कम और पड़ोसी प्रांतों से ज्यादा खतरा है। मरियम ने पंजाब के पड़ोसी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा का नाम लिया और कहा कि वहां से आतंकवाद आता है। उन्होंने ईश्वर का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि पंजाब सुरक्षित है। मरियम नवाज के इस बयान पर पूर्व पीएम इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के वरिष्ठ नेता असद कैसर ने कहा कि खैबर पख्तूनख्वा के बारे में मरियम नवाज की टिप्पणियां बहुत शर्मनाक हैं। इनकी कड़ी निंदा होनी चाहिए।

कैसर ने कहा कि खैबर पख्तूनख्वा के लोग मरियम के चाचा के नेतृत्व वाली पाकिस्तान की सरकार और नवाज शरीफ की सरकारों की गलत और नाकाम नीतियों का नतीजा भुगत रहे हैं। कैसर ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ते हुए खैबर पख्तूनख्वा की पुलिस ने बहुत कुर्बानियां दी हैं। वहीं, नेशनल डेमोक्रेटिक मूवमेंट के अध्यक्ष मोहसिन डावर ने भी मरियम के बयान की निंदा की और कहा कि पंजाब के अमील और प्रभाव रखने वाले वर्ग ने आतंकवाद को पैदा करने में भूमिका निभाई है। अब आपको इसकी आंच महसूस हो रही है, लेकिन हम दशकों से आतंकवाद की आग में जल रहे। बता दें कि पाकिस्तान का पंजाब प्रांत सबसे समृद्ध माना जाता है। यहां तक कि पाकिस्तान की सरकार, प्रशासन और सेना में भी सबसे ज्यादा पंजाब प्रांत के ही लोग हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *