स्वच्छता सर्वेक्षण में लखनऊ के नाम दोहरी उपलब्धि, 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों में देश का सबसे स्वच्छ शहर बना
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम-2026 में यूपी की राजधानी लखनऊ का डंका बजा है और शहर को दो उपलब्धियां हासिल हुई हैं। नेशनल क्लीन एयर सिटी के रूप में 10 लाख से ज्यादा की आबादी वाले शहरों में लखनऊ को देश में नंबर वन रैंक मिली है। इसका मतलब यह है कि देश के अन्य सभी शहरों के मुकाबले लखनऊ की हवा सबसे साफ है। लखनऊ ने इस मामले में मध्य प्रदेश के शहर इंदौर को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। वहीं लखनऊ नगर निगम के जोन-4 स्थित वार्ड संख्या 70 पेपर मिल कॉलोनी को 30 हजार से अधिक जनसंख्या वाले वार्डों की कैटेगरी-1 में बेस्ट वॉर्ड चुना गया है।
इसके लिए लखनऊ नगर निगम को 1.50 करोड़ वहीं वार्ड-70 को 50 लाख का नगद पुरस्कार भी प्रदान किया गया। नई दिल्ली स्थित इंदिरा पर्यावरण भवन में आयोजित समारोह में लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव एवं पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान ने यह सम्मान प्राप्त किया। इसके बाद मेयर खर्कवाल लखनऊ के सांसद और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह से मिलीं और इन दोनों गौरवपूर्ण उपलब्धियों के संबंध में अवगत कराया। वहीं, राजनाथ सिंह ने इस उपलब्धि के लिए सभी लखनऊवासियों और को बधाई देते हुए नगर निगम टीम की सराहना की है। आपको बता दें कि पिछले साल सबसे स्वच्छ शहरों में लखनऊ 15वें नंबर पर था और इस साल लंबी छलांग लगाते हुए सीधे टॉप पर पहुंच गया है।
लखनऊ मेयर ने कहा कि यह उपलब्धि लखनऊवासियों, पार्षदगणों और लखनऊ नगर निगम की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के निरंतर मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के सहयोग से हम लखनऊ को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। मेयर ने कहा कि लखनऊ की यह दोहरी उपलब्धि हम सभी लखनऊवासियों के लिए गर्व का विषय है। स्वच्छ हवा, स्वच्छ पर्यावरण और हरित लखनऊ के लिए हमारा संकल्प निरंतर जारी रहेगा।
