सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली में सभी अवैध बिल्डिंगों को गिराने का दिया आदेश, सत्य निकेतन हादसे के बाद सख्ती
नई दिल्ली। सत्य निकेतन में पीजी की बिल्डिंग गिरने से सात छात्रों की मौत के बाद दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने राजधानी में सभी अवैध निर्माण पर सख्त रवैया अपनाया है। सीएम रेखा गुप्ता ने एमसीडी से कहा है कि वो अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाए। सीएम ने ये निर्देश भी दिया है कि एमसीडी के सभी वरिष्ठ अफसर मैदान में रहें और सभी पीजी हॉस्टल का गहन निरीक्षण किया जाए। उन्होंने ये भी कहा है कि दिल्ली में अवैध बिल्डिंगों का रिकॉर्ड देखकर पता किया जाए कि किस साल और किसके अधिकार क्षेत्र में रहते इनका निर्माण किया गया।
वहीं, दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने मीडिया से कहा कि अवैध निर्माण के खिलाफ एमसीडी पूरी तैयारी के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जो भी सुरक्षा के नियमों का उल्लंघन करेगा या कोताही बरतेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एमसीडी ने अब तक दिल्ली में 1118 इमारतों की छानबीन की है। सत्य निकेतन मामले में एमसीडी के पांच वरिष्ठ अफसर सस्पेंड किए गए हैं। इस मामले में बड़े स्तर पर जांच चल रही है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने साफ कहा है कि सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के लिए जिम्मेदारों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
दिल्ली के सत्य निकेतन में बीते रविवार को एक पांच मंजिला बिल्डिंग गिर गई थी। मलबे से 12 लोगों को निकाला गया था। जिनमें से सात छात्रों की जान चली गई। इस मामले में बिल्डिंग के मालिक, उसकी पत्नी और बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला कि दो मंजिल ही बनाने की मंजूरी थी, लेकिन पांच मंजिल की बिल्डिंग बनाई गई। साथ ही बेसमेंट में काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि बेसमेंट की एक दीवार गिराई गई और उसके बाद ही बिल्डिंग जमींदोज हो गई। सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने के बाद बीजेपी सरकार को विपक्ष ने सवालों के घेरे में खड़ा किया। अब सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली की सभी अवैध बिल्डिंग गिराने का आदेश दे दिया है। जिसके बाद अवैध निर्माण के मामले में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी भी बीजेपी के निशाने पर आ सकती है।
