करिश्मा कपूर के पति संजय के वसीयत विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने दी मां रानी कपूर को समझौते की सलाह, कहा- आपकी उम्र 80 साल है
नई दिल्ली। एक्टर करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर की संपत्तियों के मसले पर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को संजय कपूर की मां रानी कपूर की याचिका पर प्रिया सचदेव कपूर को नोटिस जारी किया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि जब तक संजय कपूर की विरासत से जुड़ा मसला कानूनी तौर पर चलेगा, उस वक्त तक संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने संजय कपूर की विरासत के विवाद में अन्य पक्षों के साथ करिश्मा कपूर के बच्चों को भी नोटिस जारी किया है।
सुप्रीम कोर्ट ने रानी कपूर से कहा कि ये मामला लंबा चल सकता है। आपकी उम्र 80 साल है। इसलिए सलाह ये है कि आपसी समझौते की कोशिश करनी चाहिए। संजय कपूर की वसीयत का मूल विवाद उनकी मां रानी कपूर और तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर के बीच चल रहा है। इस मामले में संजय कपूर की तलाकशुदा पत्नी करिश्मा कपूर के बच्चों ने भी दावा ठोक रखा है। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि वो मेरिट पर इस मामले को सुनेगा। कोर्ट ने अगले हफ्ते फिर इस मामले की सुनवाई की बात कही है। हालांकि, संजय कपूर की वसीयत का मसला इतना पेचीदा हो गया है कि इस पर तमाम सबूतों की अच्छे से पड़ताल के बाद ही कोर्ट फैसला सुना सकता है।
संजय कपूर की संपत्ति करीब 30 हजार करोड़ की है। उनकी तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव और करिश्मा कपूर के बच्चों कियान और समायरा के बीच वसीयत का विवाद है। बच्चों ने वसीयत को फर्जी बताते हुए आरोप लगाया है कि उनको पिता की संपत्ति से वंचित किया गया है। करिश्मा के बच्चों का कहना है कि प्रिया सचदेव ने जाली वसीयत बनाकर पैतृक संपत्ति से बाहर कर दिया। इस वसीयत में किसी और के दस्तखत होने का भी आरोप है। वसीयत में समायरा का गलत पता और कियान के नाम की स्पेलिंग गलत होने को भी चुनौती दी गई है। वहीं, संजय कपूर की मां रानी ने भी बहू प्रिया सचदेव पर संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया है। ये मामला दिल्ली हाईकोर्ट भी जा चुका है। वहीं, प्रिया सचदेव का कहना है कि करिश्मा के बच्चों को पहले ही काफी रकम दी जा चुकी है।
