अब भारत के दुश्मनों को तीनों सेनाएं तेजी से एक साथ देंगी जवाब, तीन नए थियेटर कमांड बनाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया
नई दिल्ली। जल्दी ही ऐसी व्यवस्था होने वाली है कि अगर भारत पर कोई दुश्मन किसी भी तरफ से हमला करे, तो उसे तीनों सेनाएं एक साथ और तेजी से जवाब देंगी। फिलहाल सेना, वायुसेना और नौसेना के कई कमांड हैं। अब बड़े बदलाव के तहत सभी कमांड खत्म कर इनकी जगह तीन थियेटर कमांड बनाए जाने का प्रस्ताव है। न्यूज चैनल आजतक के मुताबिक सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने तीन नए थियेटर कमांड बनाने का प्रस्ताव रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भेजा है। राजनाथ सिंह की मंजूरी के बाद ये प्रस्ताव ऊपरी स्तर पर जाएगा। जहां से मंजूरी मिलने के बाद सेना, वायुसेना और नौसेना के तीन इंटिग्रेटेड थियेटर कमांड बनेंगे।
इससे पाकिस्तान, चीन और समुद्री सीमा में दुश्मन की किसी भी गतिविधि से निपटने में और दक्षता आएगी। खबर के मुताबिक पाकिस्तान के लिए वेस्टर्न कमांड बनेगा। वहीं, चीन के लिए नॉर्दन कमांड और समुद्री सीमा के लिए मेरीटाइम कमांड बनाया जाएगा। वेस्टर्न कमांड का जिम्मा वायुसेना के फोर स्टार अफसर संभालेंगे। नॉर्दन कमांड का जिम्मा सेना के फोर स्टार और मेरीटाइम कमांड के प्रमुख नौसेना के फोर स्टार अफसर को दिया जाएगा। इन कमांड में उप प्रमुख का पद दूसरी सेवा के अफसर के पास होगा। प्रस्ताव के मुताबिक वायुसेना के सामरिक हथियार दिल्ली से ही कंट्रोल किए जाएंगे। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिली, तो आजादी के बाद सेना नए स्वरूप में दिखेगी और दुश्मन के खिलाफ उसका ऑपरेशन और मजबूत होगा।
तीनों ही थियेटर कमांड में सेना, वायुसेना और नौसेना के अफसर और जवान एक साथ काम करेंगे। इससे किसी भी युद्ध या ऑपरेशन के समय सामंजस्य बना रहेगा। मौजूदा वक्त में सेना, वायुसेना और नौसेना एक साथ एक राय से फैसला नहीं करते। तीन नए थियेटर कमांड के प्रमुख जो भी फैसला करेंगे, वो सभी सेनाओं के अफसरों और जवानों पर लागू होंगे। सीडीएस रहे जनरल बिपिन रावत ने इसका प्रस्ताव दिया था। हेलीकॉप्टर हादसे में उनके निधन के बाद नए सीडीएस अनिल चौहान ने प्रस्ताव बनाकर भेजा है।
