बदरीनाथ धाम से चढ़ावा चोरी के आरोपी प्रमोद नौटियाल ने कबूला अपराध, घर से चांदी के सिक्के, गहने और कैश बरामद
नई दिल्ली। उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम से चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी प्रमोद नौटियाल ने पुलिस पूछताछ में अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बदरीनाथ धाम में उसको जो घर एलॉट किया गया था वहां से चांदी के सिक्के, गहने और कैश बरामद किया है। पुलिस को वहां से कुछ नेपाली करेंसी भी मिली है। बदरीनाथ के एसएचओ महादेव उनियाल के मुताबिक पुलिस कस्टडी के दौरान प्रमोद नौटियाल ने पूछताछ में इसमें किसी अन्य आरोपी के शामिल होने की पुष्टि नहीं की। पुलिस ने नौटियाल की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी जब्त कर लिए हैं और उनकी जांच कराई जा रही है।
प्रमोद नौटियाल बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के चेयरमैन के पर्सनल असिस्टेंट के पद पर कार्यरत था। मंदिर में आए चढ़ावे की गिनती नौटियाल की देख रेख में ही होती थी। चढ़ावा चोरी मामले में नौटियाल को 12 जुलाई की देर रात को देहरादून से गिरफ्तार किया गया था। उससे पहले उसको नौकरी से सस्पेंड कर दिया गया था। नौटियाल ने अपने खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद उत्तराखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था और प्राथमिकी रद्द करने की मांग के साथ अपने निलंबन के आदेश को चुनौती दी थी। मगर याचिका पर सुनवाई से पहले ही उसकी गिरफ्तारी हो गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा था यह अपराध गौ-हत्या और अपने माता-पिता की हत्या करने जैसे महापाप के बराबर है और इस जघन्य अपराध को माफ नहीं किया जा सकता है। एसआईटी की रिपोर्ट में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस रिमांड की अवधि खत्म होने के बाद नौटियाल को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस मामले की जांच के लिए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने भी एक आंतरिक कमेटी बनाई थी जिसने अपनी शुरुआती रिपोर्ट चैयरमैन को सौंप दी है।
