July 3, 2026

Hind foucs news

hindi new update

3 अगस्त को एक ही शिफ्ट में होगी नीट पीजी की परीक्षा, 2.50 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल

नई दिल्ली। नीट पीजी 2025 परीक्षा की नई तारीख फाइनल हो गई है। 3 अगस्त 2025 को एक ही शिफ्ट में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा आयोजित कराने वाली संस्था नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (एनबीई) ने सुप्रीम कोर्ट से 3 अगस्त को परीक्षा कराए जाने की अनुमति मांगी थी। सुप्रीम कोर्ट ने परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने की अनुमति तो दे दी मगर एनबीई से तल्ख सवाल भी पूछे। दरअसल इससे पहले नीट पीजी परीक्षा 15 जून को होनी थी। 30 मई को सुप्रीम कोर्ट ने नीट पीजी परीक्षा को एक ही शिफ्ट में कराने का आदेश दिया था। इसके बाद एनबीई ने परीक्षा स्थगित कर दी थी और सुप्रीम कोर्ट में अर्जी लगाई थी।

एनबीई का कहना है कि एक ही शिफ्ट में परीक्षा कराने के लिए उसे नए सिरे से परीक्षा केंद्रों का चयन करना होगा, हमें पहले से ज्यादा संख्या में परीक्षा केंद्र बनाने होंगे, वहां सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम करना होगा इसके लिए समय चाहिए होगा। इस पर सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस पीके मिश्रा ने कहा कि एक शिफ्ट में परीक्षा कराने का आदेश 30 मई को पारित हुआ था, उसके बाद से अब तक आपने क्या किया? गौरतलब है कि यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट की तरफ से शीर्ष अदालत में याचिका दाखिल कर परीक्षा को एक शिफ्ट में कराए जाने की मांग की गई थी।

अदालत ने इस मांग को स्वीकार कर लिया था और 30 मई को इस संबंध में आदेश पारित कर दिया था। हालांकि एनबीई ने अदालत में दलील देते हुए कहा था कि एक शिफ्ट में परीक्षा कराने के लिए उनके पास ना तो पर्याप्त सेंटर हैं और ना ही समय।  अदालत ने इस दलील को खारिज कर दिया था और कहा था कि परीक्षा केंद्रों के चयन के लिए समय पर्याप्त है। नीट पीजी परीक्षा में इस बार लगभग 2 लाख 50 हजार उम्मीदवार बैठेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *