May 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राहुल गांधी खड़े हैं अरविंद केजरीवाल के पक्ष में, लेकिन कांग्रेस के ही कई नेता अरविंद केजरीवाल पर साध रहे निशाना

मुंबई। अरविंद केजरीवाल शराब घोटाला मामले में ईडी की गिरफ्त में हैं। कोर्ट ने 6 दिन के लिए अरविंद केजरीवाल को ईडी की रिमांड पर दिया है। कोर्ट के इस आदेश के बाद अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को मीडिया से कहा कि वो सीएम पद से इस्तीफा नहीं देंगे। वो जेल से ही सरकार चलाएंगे।

अरविंद केजरीवाल के इसी बयान पर अब महाराष्ट्र कांग्रेस के बड़े नेता संजय निरुपम ने उनपर निशाना साधा है। संजय निरुपम ने एक्स पर लंबा पोस्ट लिखकर भगवान राम के दौर से यूपीए सरकार तक का उदाहरण दिया है, जब आरोप लगने पर लोगों ने पद छोड़ा। खास बात ये है कि कांग्रेस के ही पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी समेत पार्टी के तमाम नेता और विपक्ष के अन्य धुरंधर अरविंद केजरीवाल के पक्ष में खड़े हैं।

कांग्रेस और विपक्ष जहां केजरीवाल का साथ दे रहे हैं, वहीं कांग्रेस के भीतर केजरीवाल के खिलाफ गुस्सा भड़का हुआ दिख रहा है। संजय निरुपम से पहले पंजाब कांग्रेस के बड़े नेता सुखपाल सिंह खैरा ने भी अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए एक्स पर पोस्ट लिखा था।

इससे पहले कांग्रेस के उन तमाम नेताओं और प्रवक्ताओं के बयान भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिनमें वो शराब घोटाला मामले में पहले अरविंद केजरीवाल को घेरते रहे। बीजेपी ने इन बयानों के आधार पर अरविंद केजरीवाल को अब समर्थन देने पर तंज कसते हुए कांग्रेस को घेरा है।

तो क्या कांग्रेस के भीतर केजरीवाल पर दो अलग-अलग रुख हैं? पार्टी के तमाम नेताओं के बयान तो इसी की ओर इशारा कर रहे हैं। खास बात ये है कि केजरीवाल ने पहले सोनिया गांधी और दिल्ली की सीएम रहीं शीला दीक्षित पर खूब हमले बोले थे। दो महीने पहले तक कांग्रेस के नेता केजरीवाल के खिलाफ बयान दे रहे थे, लेकिन पार्टी ने दिल्ली, गोवा और गुजरात में आम आदमी पार्टी से लोकसभा सीटों का समझौता करने के बाद अरविंद केजरीवाल के साथ खड़े होने का फैसला किया है।