चंडीगढ़। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार एंटी ड्रग्स एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या की सीबीआई जांच कराएगी। पेरिस से लौटते ही पंजाब के सीएम भगवंत मान ने झोटा की हत्या की जांच सीबीआई से कराने का एलान किया है। परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर को पंजाब के मानसा में हत्या हुई थी। झोटा की हत्या के आरोपी अश्विनी कुमार को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया था।
परविंदर सिंह झोटा की हत्या से पंजाब की सियासत एक बार फिर गर्माई है। बीजेपी, कांग्रेस और अकाली दल ने झोटा की हत्या की जांच सीबीआई से कराने की मांग की थी। पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव हैं। शायद इसी को देखते हुए सीएम भगवंत मान ने सीबीआई को जांच सौंपने का फैसला किया। ताकि विपक्षी दलों को झोटा हत्याकांड पर सियासत और गर्माने का मौका न मिले। परविंदर झोटा की हत्या के मामले में बीजेपी की केंद्र सरकार ने पंजाब सरकार से रिपोर्ट भी मांगी थी। खुद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एलान किया है कि अगर पंजाब में बीजेपी की सरकार बनी, तो पांच साल में राज्य को ड्रग्स से मुक्ति दिलाई जाएगी।
परविंदर सिंह झोटा 13 अक्टूबर को मानसा में अश्विनी कुमार की दवा की दुकान गए थे। झोटा ने आरोप लगाया था कि अश्विनी कुमार की दुकान में ड्रग्स बेचा जाता है। अश्विनी और परविंदर झोटा के बीच इस मुद्दे पर काफी बहस हुई थी। जिसके बाद अश्विनी ने एंटी ड्रग्स एक्टिविस्ट पर कई फायर किए थे। झोटा को तुरंत कुछ लोग अस्पताल ले गए, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही परविंदर की मौत हो चुकी थी। पंजाब में ड्रग्स का मुद्दा काफी वक्त से गर्माया हुआ है। बाकायदा इस मसले पर ‘उड़ता पंजाब’ नाम की फिल्म बन चुकी है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब के पिछले विधानसभा चुनाव में राज्य को ड्रग्स से मुक्ति दिलाने का वादा भी किया था। पंजाब में पाकिस्तान की ओर से आए दिन ड्रग्स और हथियारों की खेप ड्रोन से भेजी जाती है। ऐसे कई खेप पुलिस और बीएसएफ ने बरामद किए हैं।
