नई दिल्ली। बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है। इसके साथ मायावती ने एससी और एसटी समाज की महिलाओं को इसी में अलग से आरक्षण देने की मांग भी उठाई है। उन्होंने कहा कि इससे सदियों से शोषित-पीड़ित व उपेक्षित रहीं एससी और एसटी समाज की महिलाओं को भी चुनावी राजनीति में भाग लेने तथा आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। केंद्र सरकार अगर इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर ले तो यह निश्चित तौर पर उचित और न्यायपूर्ण होने के साथ-साथ देश व जनहित के लिए बेहतर होगा।
मायावती ने एक्स पोस्ट पर लिखा, बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के अति-मानवतावादी, कल्याणकारी व समतामूलक संविधान के पवित्र उद्देश्यों आदि के प्रति सदा ही निष्ठावान एवं ईमानदार रहने के नाते बीएसपी शुरू से ही देश में सर्वसमाज की महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा सहित उन्हें राजनीति में भी उचित आदर और अवसर दिये जाने की जबरदस्त पक्षधर रही है। यही कारण है कि देश की लोकसभा व राज्यों की विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण को जल्द से जल्द लागू करने की मांग लगातार करती रही है तथा इस बारे में केंद्र सरकार के ताजा फैसले का स्वागत भी करती है।
मायावती ने कहा कि वास्तव में जो भी पार्टी केंद्र की सत्ता में रहती है वह अधिकतर मामलों में पार्टी हित और स्वार्थ को अधिक महत्व देती है, जो किसी से भी छिपा हुआ नहीं है। ऐसे में देश में सर्वसमाज के लोग अच्छी सरकार के लिये, बिना किसी धर्म, जाति व क्षेत्रीयता आदि की भावना से तथा बिना किसी लुभावने वादे, दावे व घोषणाओं आदि के छलावा में आकर, अच्छे लोगों को ही चुनने का संकल्प लें तो यह देश के लोकतंत्र एवं संविधान की सुरक्षा और सम्मान में असली गारंटी होगी, जिसके लिये बीएसपी तत्पर है।
