नई दिल्ली। केंद्र सरकार संसद के 30 नवंबर से शुरू होने जा रहे चार दिन के सत्र में फिर से परिसीमन बिल पेश करने जा रही है। इस बार विपक्षी डीएमके और शरद पवार की एनसीपी-एससीपी के अलावा कई और दलों की तरफ से परिसीमन बिल को समर्थन दिया जा रहा है। इससे लग रहा है कि परिसीमन बिल को पास कराने के लिए लोकसभा में मोदी सरकार को दो-तिहाई बहुमत यानी 360 का आंकड़ा हासिल हो जाएगा। अब इस बारे में पीएम मोदी ने अपना एक पुराना वीडियो भी संदेश के तौर पर जारी किया है। पीएम मोदी ने वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा है कि हमने अपनी नारी शक्ति से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
केंद्र सरकार ने इस साल अप्रैल में लोकसभा में परिसीमन बिल और नारी शक्ति वंदन एक्ट में संशोधन के बिल पेश किए थे। उस वक्त इसके पक्ष में दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका था और 17 अप्रैल को सरकार को बिल वापस लेना पड़ा था। उसके अगले ही दिन 18 अप्रैल की शाम पीएम नरेंद्र मोदी ने देश की महिलाओं को संबोधित किया था। उसी संबोधन का वीडियो पीएम मोदी ने फिर शेयर किया है। पीएम मोदी ने कहा था कि हमारा हौसला बुलंद है और हमारी हिम्मत अटूट है। उन्होंने कहा था कि देश की सभी महिलाओं का आशीर्वाद हमारे साथ है। पीएम मोदी ने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। वर्षों से मैं भी इसके लिए प्रयास करने वालों में से एक हूं।
पीएम मोदी ने वीडियो में कहा था कि कितनी ही महिलाएं ये विषय मेरे लिए उठाती रही हैं। कितनी ही बहनों ने चिट्ठी के जरिए मुझे सारी बातें बताई हैं। उन्होंने कहा था कि मैं जानता हूं, देश की 100 प्रतिशत नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है। पीएम मोदी ने अपने संदेश में महिलाओं को भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण के खिलाफ आने वाली हर रुकावट को खत्म और हटा कर रहेंगे। पीएम मोदी ने इस मुद्दे पर अडिग इरादे की बात भी कही थी। साथ ही परिसीमन बिल का विरोध करने वाली पार्टियों के बारे में कहा था कि ये देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में भागीदारी बढ़ाने से कभी नहीं रोक सकेंगी। पीएम मोदी ने उस वक्त कहा था कि उनको सिर्फ वक्त का इंतजार है। अब ये वक्त 30 नवंबर का आया है। बता दें कि परिसीमन बिल पर 30 नवंबर को लोकसभा में चर्चा होगी और 1 दिसंबर को वोटिंग कराई जाएगी। फिर 2 दिसंबर को राज्यसभा में चर्चा के बाद वहां 3 दिसंबर को वोटिंग होगी।
