पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर बीजेपी शुरू करने जा रही ‘सेवा संकल्प अभियान’
नई दिल्ली। आगामी 7 अक्टूबर, 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इसको लेकर बीजेपी ने विशेष तैयारी की है और ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करने जा रही है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को पीएम मोदी का जन्मदिन ‘सेवा दिवस’ के तौर पर मनाया जाएगा। 17 सितंबर को रक्तदान कार्यक्रम से इस अभियान की शुरुआत होगी। 25 साल की जनसेवा के लिए मोदी का आभार जताने के लिए उसी दिन शाम को 7 बजे बीजेपी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित करेगी।
2 अक्टूबर को हर साल की तरह इस साल भी स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद सभी स्कूलों में विकसित भारत के संकल्पों को लेते हुए ‘मेरे सपनों का भारत’ ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिता कराई जाएगी। देश के सभी जिलों में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस कार्यक्रम में, जहां पिछले 25 वर्षों की सेवा के लिए आभार व्यक्त किया जाएगा, वहीं ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प भी लिया जाएगा। इस पूरे कार्यक्रम में पदयात्रा, बाइक रैली और साइकिल रैली के माध्यम से हम सभी हर जिले के मुख्यालय पर इकट्ठा होंगे और यह संकल्प लेंगे। युवा मोर्चा के माध्यम से दो यात्रा निकलेंगी। एक यात्रा मोदी के जन्मस्थान वडनगर से आज की उनकी कर्मभूमि बनारस तक सेवा यात्रा निकलेगी। और इसी तरह से बनारस से वडनगर तक भी यात्रा निकलेगी। यह यात्रा अलग-अलग जिलों से गुजरेगी और लोगों से संवाद करते हुए रास्ते में कई कार्यक्रम आयोजित करते हुए आगे बढ़ेगी।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 25 सालों में जनसेवा से राष्ट्र सेवा के मंत्र का पालन करते हुए पीएम मोदी ने अपनी इस सेवा यात्रा को जारी रखा है। हम प्रधानमंत्री के पूरे कार्यकाल को इस तरह से देख सकते हैं कि पहले दिन से ही जो ध्येय वाक्य उनके मन में रहे, उनको वो संकल्प सिद्धि तक पहुंचाने में सफल रहे। जब हम पीएम मोदी के पूरे कार्यकाल को देखते हैं, तो पाते हैं कि न केवल ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं, बल्कि आम लोगों के जीवन और उनकी सोच में भी बदलाव आया है। उनकी 25 साल की समर्पित सेवा और प्रतिबद्धता, साथ ही उनका बेदाग जीवन और कामकाज का तरीका, दुनिया भर में लोकतंत्र के इतिहास को एक नई परिभाषा देता है।
