Heavy Rain Alert: दिल्ली समेत इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना
नई दिल्ली। उत्तर और मध्य भारत में अगले कुछ दिन तक झमाझम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से इन इलाकों में मॉनसून की हवाओं के साथ नमी पहुंच रही है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के सिस्टम की वजह से दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, यूपी, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में जोरदार बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के कारण भूस्खलन का अलर्ट भी जारी किया है। मध्य प्रदेश में हुई जबरदस्त बारिश से राज्य के 12 जिलों में मॉनसून की बारिश की मात्रा पूरी हो चुकी है। मध्य प्रदेश में बारिश के कारण कई जगह नदियां उफनाई हुई हैं। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश के कारण तमाम जगह भूस्खलन हुआ है। जम्मू-कश्मीर में शनिवार को कुछ जगह इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इससे तापमान में गिरावट देखी गई है। भारत में मॉनसून का चक्र 1 जून से सितंबर के मध्य तक रहता है। 17 सितंबर के आसपास दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून की वापसी शुरू होती है।
इस साल अल-नीनो की वजह से दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून चार दिन देरी से केरल पहुंचा था। इसके बाद मॉनसून ने तेजी पकड़ी थी और मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से में छाकर बारिश कराई थी, लेकिन फिर मॉनसून का आगे बढ़ना रुक गया। काफी दिन तक एक जगह रुके रहने के बाद मॉनसून पूरे देश में छाया था। अल-नीनो के कारण मौसम विभाग ने आशंका जताई थी कि इस साल मॉनसून की बारिश औसत से कम होगी। मॉनसून का सीजन खत्म होने के बाद मौसम विभाग बताएगा कि बारिश औसत से कम रही है या नहीं। फिलहाल तमाम राज्य अगले कुछ दिन बारिश से सराबोर होने वाले हैं। इससे धान उगाने वाले किसानों को अपनी फसल बचाने में आसानी होगी। क्योंकि धान की फसल को बहुत ज्यादा पानी की जरूरत होती है।
