September 8, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली सत्य निकेतन इमारत हादसे का सामने आया सीसीटीवी फुटेज, सीएम रेखा गुप्ता ने दोबारा घटनास्थल पर जाकर हालात का लिया जायजा

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला जर्जर इमारत के गिरने के बाद पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा जो अभी भी जारी है। इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। मलबे के नीचे कई लोगों के फंसे होने की आशंका है, उनकी तलाश की जा रही है। इस बीच बिल्डिंग के गिरने का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस फुटेज में बिल्डिंग को गिरते हुए देखा जा सकता है। वहीं वीडियो में बिल्डिंग के बाहर एक व्यक्ति अपनी जान बचाकर भागता हुआ नजर आ रहा है।

इस बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज सुबह फिर से सुरक्षा इंतजामों और रेस्क्यू अभियान का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पहुंची। इससे पहले रविवार को भी सीएम घटनास्थल पर गई थीं। उस जर्जर इमारत के मालिक हरिराम बंसल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की हो गई है। फिलहाल वो फरार है और उसकी तलाश में पुलिस टीम छापेमारी कर रही है। इस घटना में एमसीडी अधिकारियों की लापरवाही भी सामने आई है कि कैसे इस बिल्डिंग में अवैध निर्माण किया गया और वहां पर पीजी संचालित किया जा रहा। इस मामले में दोषी MCD अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीएम रेखा गुप्ता ने आस-पास के इलाके में चल रहे पीजी और इमारतों की सघन जांच के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उन्हें सील करने का भी आदेश दिया है।

बता दें कि जो इमारत गिरी है वो तकरीबन 50 साल पुरानी बताई जा रही है। उस बिल्डिंग में नियमों को ताक पर रखकर पीजी चल रहा था जिसमें ज्यादातर दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र रहते थे। यह भी जानकारी सामने आई है कि बिल्डिंग में अवैध रूप से निर्माण कराया गया था। बिल्डिंग में बेसमेंट भी बना हुआ था और हादसे से पहले उसके रेनोवेशन का काम चल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *