गुवाहाटी में 25 वर्षीय महिला की नृशंस हत्या, फ्रिज से मिला कटा हुआ सिर, हत्यारोपी पति गिरफ्तार
नई दिल्ली। असम के गुवाहाटी में एक 25 वर्षीय महिला की नृशंस तरीके से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। हत्यारे ने महिला के सिर को धड़ से अलग कर दिया और फिर उसे एक पॉलीथीन में लपेटकर फ्रिज में रख दिया। महिला के पति को ही हत्या का आरोपी माना जा रहा है। घटना के बाद से वो फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। हालांकि बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मृतक महिला का नाम रिया तालुकदार और उसके पति का नाम रामानुजन गोस्वामी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गवाहाटी के हाटीगांव इलाके के कुछ लोगों ने एक बंद घर से बदबू आने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। घर के अंदर महिला की सिर कटी लाश पड़ी हुई थी। पूरे घर में खून फैला हुआ था। पुलिस ने घर की तलाशी ली तो उसे फ्रिज के अंदर काली पॉलीथीन में लिपटा हुआ महिला का सिर मिला। पड़ोसियों के अनुसार, मृतक महिला रिया अपने पति के साथ इसी घर में रहती थी। वो फैंसी बाजार क्षेत्र में स्थित एक बुटीक में काम करती थी।
शुरुआती जांच में जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक महिला का उसके पति से किसी बात पर झगड़ा हुआ और उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। शव को देखकर पुलिस अंदाजा लगा रही है कि लगभग दो दिन पहले घटना को अंजाम दिया गया। महिला की उंगलिया काटे जाने की बात भी सामने आ रही है। वहीं पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। रिया और रामानुजन की शादी लगभग छह महीने पहले हुई थी। हत्या के पीछे का असल मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस हत्यारोपी पति से पूछताछ कर रही है।
