भारत और जापान के बीच पहली बार खेला जाएगा टी20 इंटरनेशनल मैच
नई दिल्ली। भारत और जापान के बीच पहली बार टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट मैच का आयोजन होने जा रहा है। तोचिगी प्रांत के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में 22 सितंबर को यह मैच खेला जाएगा। दरअसल इस मैच का आयोजन भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के सेलिब्रेशन के तौर पर किया जा रहा है। भारतीय समयानुसार सुबह 9.30 बजे मैच की शुरुआत होगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और जापान क्रिकेट एसोसिएशन (JCA) की ओर से मैच के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया है कि यह मैच ‘स्पोर्ट 75’ पहल के तहत उठाया गया कदम है। यह पहल जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई शिखर वार्ता के दौरान हुए समझौते से शुरू हुई है।
‘स्पोर्ट 75’ पहल का मकसद खेल के क्षेत्र में भारत और जापान के बीच लोगों के आपसी आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही 2036 में ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी करने की भारत की महत्वाकांक्षा को ध्यान में रखकर भी यह कदम उठाया जा रहा है। BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि भारत और जापान की पुरुष टीमें जापान में एक खास T20 इंटरनेशनल मैच के लिए एक साथ आ रही हैं। हमें खुशी है कि दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों के 75 साल पूरे होने के जश्न में क्रिकेट भी शामिल होगा। हम इस मैच को मुमकिन बनाने की कोशिशों के लिए जापान क्रिकेट एसोसिएशन (JCA) का शुक्रिया अदा करते हैं।
सैकिया ने कहा, BCCI का मानना है कि क्रिकेट सिर्फ पारंपरिक जगहों तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए। दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट बोर्ड होने के नाते, हम इस विकास में योगदान देने की अपनी जिम्मेदारी समझते हैं। BCCI, जापान में क्रिकेट को और मजबूत करने तथा आने वाले सालों में इस रिश्ते को और बेहतर बनाने के लिए जापान क्रिकेट बोर्ड के साथ मिलकर काम करेगा। वहीं JCA के सीईओ नाओकी मियाजी ने कहा, मौजूदा वर्ल्ड चैंपियंस की जापान में मेजबानी करना हमारी एसोसिएशन के लिए एक ऐतिहासिक पल है। इसके लिए हम BCCI का शुक्रिया अदा करते हैं।
