कर्ज की रकम और ब्याज न चुकाने पर निर्वस्त्र कर वीडियो बनाया!, बेंगलुरु की महिला के आरोप के बाद तीन गिरफ्तार
बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक महिला ने आरोप लगाया है कि कर्ज की रकम और ब्याज न चुकाने पर उसे बंधक बनाकर निर्वस्त्र किया गया और वीडियो बनाया गया। महिला का कहना है कि करीब दो साल पहले एक लाख रुपए कर्ज लिया था। बाद में 50 हजार रुपए और लिए। पहले वो किस्त दे रही थी। आर्थिक हालत बिगड़ने पर रकम देनी बंद कर दी। जिसके बाद ये घटना हुई। पुलिस ने इस मामले में रेशमा बानू, नाजत और सुहैल को गिरफ्तार किया है।
महिला के मुताबिक उसने इनमें से एक आरोपी रेशमा का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। महिला ने आरोप लगाया है कि काम दिलाने के बहाने उसे बुलाया गया। जहां पहले से आरोपी मौजूद थे। महिला के मुताबिक उससे मारपीट हुई। चाकू से हमला किया। फिर एक ऑटो में जबरन ले जाया गया। महिला के मुताबिक बंधक बनाने के बाद उसके कपड़े उतारकर आरोपियों ने वीडियो बनाया। धमकी दी कि अगर कर्ज और ब्याज की रकम न चुकाई, तो वीडियो वायरल कर देंगे। महिला की मां ने इस मामले में पुलिस को खबर दी थी। बेंगलुरु की चंद्रालेआउट थाने में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला के अचानक लापता होने के बाद मामले का खुलासा हुआ। महिला की मां ने थाने में शिकायत दी। पुलिस के मुताबिक महिला ने आरोपी रेशमा बानू से एक लाख और फिर 50 हजार रुपए कर्ज लिया था। जिसका छह महीने से ब्याज नहीं दे रही थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी नाजत ने महिला को काम दिलाने के बहाने बुलाया था। सुहैल को पुलिस रेशमा का पति बता रही है। पुलिस अब ये पता कर रही है कि इन तीनों के अलावा और कौन-कौन इस घटना में शामिल है। बेंगलुरु में हुई ये घटना अगर सच्ची है, तो आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जरूरी है। ताकि किसी और से ऐसा व्यवहार न हो सके।
