August 12, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रेप केस में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के पास जेल में मिला मोबाइल फोन, मामला दर्ज

नई दिल्ली। रेप केस में उम्रकैद की सजा काट रहे कर्नाटक के हासन से पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना की मुश्किल अब और बढ़ गई है। बेंगलुरु के परप्पना अग्रहारा जेल में छापेमारी के दौरान सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने प्रज्वल रेवन्ना के पास से मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं एक अन्य कैदी प्रताप राय के पास से भी मोबाइल मिला है। प्रज्वल रेवन्ना और प्रताप राय के खिलाफ ‘प्रिजन्स एक्ट’ (जेल अधिनियम) की धारा 42 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं जेल के असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट पर गाज गिरी है और उनका निलंबन हो गया है। जबकि जेल सुपरिटेंडेंट को कारण बताओ नोटिस जारी हुआ है।

प्रज्वल रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते और कर्नाटक के पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी के भतीजे हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले प्रज्वल अचानक चर्चा में आ गए थे। कई महिलाओं के साथ संबंध बनाते हुए प्रज्वल के बहुत से वीडियो वायरल हुए थे। प्रज्वल रेवन्ना के घर में काम करने वाली एक महिला ने भी उन पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। यह मामला उजागर होने के बाद प्रज्वल देश छोड़कर कई दिनों तक फरार रहे थे। प्रज्वल पर लगे आरोपों के चलते उनको जेडीएस पार्टी से निलंबित कर दिया गया था।

इस मामले में प्रज्वल के पिता एचडी रेवन्ना और भाई सूरज रेवन्ना की भी इस मामले गिरफ्तारी हुई थी, हालांकि कुछ दिन बाद दोनों जमानत पर रिहा हो गए थे। दादा एचडी देवगौड़ा ने प्रज्वल को चेतावनी देते हुए वीडियो जारी किया था कि अगर वापस लौटकर, कानूनी प्रक्रिया का सामना नहीं किया तो परिवार से बेदखल कर दिया जाएगा। इसके बाद प्रज्वल ने सरेंडर कर दिया था। बेंगलुरु स्थित विशेष जनप्रतिनिधि अदालत ने दुष्कर्म मामले में प्रज्वल रेवन्ना को पिछले साल अगस्त में दोषी ठहराया था और उम्रकैद की सजा सुनाई थी। उसके बाद से प्रज्वल जेल में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *