कैप्टन स्मित मछार को मिलेगा इजरायल का सर्वोच्च नागरिक वीरता सम्मान, राष्ट्रपति ने किया ऐलान
नई दिल्ली। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मछार को इजरायल अपने सर्वोच्च नागरिक वीरता पुरस्कार ‘प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड’ से सम्मानित करेगा। इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने इसका ऐलान किया है। राष्ट्रपति ने कैप्टन स्मित की बहादुरी और जज्बे की प्रशंसा करते हुए कहा कि इजरायल के लोगों की तरफ उन्हें ‘प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज़्म’ से सम्मानित करना मेरे लिए गर्व की बात होगी। कैप्टन स्मित फिलहाल यूएई के एक अस्पताल में भर्ती हैं। को-पायलट के द्वारा कुल्हाड़ी मारे जाने से उनके सिर की हड्डी टूट गई थी, जिसकी हाल ही में सर्जरी हुई है।
फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित पर 30 सितंबर 2026 को ओमान मूल के को-पायलट हमाम अल-हमामी ने कॉकपिट में हमला कर दिया था। को-पायलट की मंशा विमान को क्रैश कराकर 9/11 जैसी घटना को अंजाम देने की थी। मगर भारतीय नागरिक कैप्टन स्मित मछान ने को-पायलट के मंसूबों पर पानी फेर दिया और घायल होने के बावजूद उन्होंने किसी तरह से कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया जिसके बाद कुछ यात्री वहां दाखिल हुए और को-पायलट को पकड़ लिया। इस तरह से विमान में सवार लगभग 180 लोगों की जान बची। गिरफ्तारी के बाद को-पायलट ने पूछताछ में बताया कि वो गाजा का बदला लेना चाहता था। कैप्टन स्मित मछार की दुनियाभर में प्रशंसा हो रही है।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मछार से फोन पर बात की थी और उनके सराहना की थी। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी कैप्टन स्मित की प्रशंसा कर चुके हैं। अभी हाल ही में यूएई के उप प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री तथा दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम कैप्टन स्मित मछार से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। क्राउन प्रिंस ने कैप्टन स्मित का माथा चूमकर कहा था, हमें गर्व है कि आप हमारी टीम का हिस्सा हैं। पीएम मोदी भी कैप्टन स्मित से वीडियो कॉल पर बात कर चुके हैं।
