कर्नाटक में एसआईआर के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से 1.07 करोड़ लोगों के नाम कटे, 43 लाख लोगों को देना होगा नोटिस का जवाब
बेंगलुरु। चुनाव आयोग ने एसआईआर के बाद कर्नाटक की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। कर्नाटक में हुए एसआईआर में 1.07 करोड़ वोटरों के नाम कट गए हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक ये संख्या मृत, डुप्लीकेट और दूसरी जगह चले गए वोटरों के हैं। एसआईआर के बाद कर्नाटक में वोटरों की संख्या 4.46 करोड़ रह गई है। इनमें 2.22 करोड़ पुरुष और 2.24 करोड़ महिलाओं के साथ 2871 थर्ड जेंडर के वोटर हैं।
कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर जाकर लोग ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम चेक कर सकते हैं। कर्नाटक में नए वोटर और जिनका नाम कट चुका है, वे अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी. अंबु कुमार के मुताबिक एसआईआर के बाद 43.81 लाख लोगों को नोटिस भेजा जाना है। एसआईआर में लॉजिकल गड़बड़ी और मैपिंग न होने वालों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक ईआरओ की तरफ से ऐसे लोगों के लिए नोटिस बनाने और भेजने में 7 दिन का वक्त लगने की उम्मीद है।
कर्नाटक के जो लोग कहीं और रहते हैं और दूसरी जगह वोटर लिस्ट में उनका नाम था, उनको मूल निर्वाचन क्षेत्र में आकर नोटिस संबंधी सुनवाई में हिस्सा लेना होगा। उसे साबित करना होगा कि भारत का नागरिक है और इस वजह से उसका नाम वोटर लिस्ट में शामिल किया जाना चाहिए। ऐसे लोगों को नोटिस के जवाब में चुनाव आयोग की तरफ से तय 11 दस्तावेजों में से कोई एक देना होगा। ये दस्तावेज ऑनलाइन जमा किए जा सकेंगे। जिसके बाद उनको सुनवाई के लिए ईआरओ के सामने पेश होना होगा। चुनाव आयोग ने पहले बिहार से एसआईआर की शुरुआत की थी। जिसके बाद पश्चिम बंगाल और यूपी समेत कई राज्यों में एसआईआर कराई गई। फिलहाल 13 राज्यों और कुछ केंद्र शासित क्षेत्रों में चुनाव आयोग एसआईआर कर वोटर लिस्ट में संशोधन कर रहा है।
