September 6, 2026

Hind foucs news

hindi new update

यूपी के आजमगढ़ के गांव से धर्मांतरण के आरोप में पांच गिरफ्तार

आजमगढ़। यूपी के आजमगढ़ जिले के कादीपुर गांव में धर्मांतरण कराए जाने के आरोप पर पहुंची पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। ये गांव रौनापार थाना क्षेत्र में आता है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की सुबह गांव में प्रार्थना सभा हो रही थी। एक मठ के प्रमुख की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर सभी गिरफ्तार लोगों को कोर्ट में पेश किया। जहां से उनको न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।

पुलिस में दी गई शिकायत के मुताबिक कादीपुर गांव में कांति देवी के घर ईसा मसीह की प्रार्थना सभा हो रही थी। इसमें 40 से 50 लोगों के मौजूद रहने की बात कही गई है। राजदेपुर मठ के प्रमुख शिवसागर भारती ने पुलिस से शिकायत की कि उनको सभा में धर्मांतरण कराए जाने की जानकारी मिली। इसकी जानकारी उन्होंने रौनापार थाने को दी। प्रार्थना सभा में धर्मांतरण की जानकारी मिलने पर पुलिस कादीपुर गांव पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिस को देख कुछ लोग मौके से निकल गए। पुलिस ने वहां से पांच लोगों को गिरफ्तार किया।

आजमगढ़ पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार लोगों में कांति देवी और कादीपुर के रहने वाले राहुल, रसूलपुर की बबीता देवी, रसूलपुर के ही घरभरन और तुरकौली की सुमन हैं। पुलिस के मुताबिक साल 2022 में धर्मांतरण के ही मामले में कांति देवी पर कार्रवाई हुई थी। कांति देवी को कोर्ट ने 22 दिन बाद जमानत दी थी। सवाल ये है कि कांति देवी पर जब पहले भी पुलिस ने कार्रवाई की थी, तो फिर धर्मांतरण कराने में वो क्या किसी की शह या प्रलोभन से जुटी थी? पुलिस अब इस मामले में जांच कर रही है। बता दें कि यूपी में योगी आदित्यनाथ सरकार ने अवैध धर्मांतरण पर प्रतिबंध का कानून पास कराया था। उसके बावजूद धर्मांतरण कराने की शिकायतें मिलती रही हैं। ऐसे ही मामले में छांगुर बाबा के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *