असम में हिमंत बिस्वा कैबिनेट का होगा विस्तार, 12 विधायक बनेंगे मंत्री, 5 जून को शपथ ग्रहण
नई दिल्ली। असम की एनडीए सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार 5 जून, शनिवार को दोपहर 12:45 बजे होगा। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने खुद मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी है। मंत्रिमंडल विस्तार के तहत 12 विधायकों में मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। विधानसभा चुनाव के बाद 12 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ था। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ 4 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी। अब मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मंत्रियों की संख्या 16 हो जाएगी। असम कैबिनेट में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 19 मंत्री हो सकते हैं। ऐसे में 3 मंत्रियों की जगह अभी खाली रहेगी, जो आने वाले समय में भरी जाएगी।
ये विधायक बनेंगे मंत्री
1. अश्विनी राय सरकार
2. अशोक सिंघल
3. बिमल बोराह
4. बिस्वजीत डाइमरी
5. जयंत मल्लबरुआ
6. कौशिक राय
7. केशव महंत
8. कृष्णेंदु पॉल
9. नीलिमा देवी
10. पीयूष हजारिका
11. रानोज पेगु
12. सुसंता बोरगोहेन
आपको बता दें कि लगातार तीसरी बार असम में एनडीए ने सत्ता हासिल की है और हिमंत बिस्वा सरमा का बतौर सीएम यह लगातार दूसरा कार्यकाल है। फिलहाल मंत्रिमंडल में असम गण परिषद (एजीपी) के अध्यक्ष अतुल बोरा, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के विधायक चरण बोरो, बीजेपी की अजंता नियोग और रामेश्वर तेली मंत्री हैं। अजंता नियोग असम की पहली महिला वित्त मंत्री रही हैं और वो हिमंत की पिछली सरकार में भी मंत्री थीं। जबकि रामेश्वर तेली विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने हैं। इससे पहले वो सांसद और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रहे हैं।
हाल ही में हुए चुनावों में 126 विधानसभा सीटों में से एनडीए ने 102 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। बीजेपी ने 82 सीटें जीती हैं जबकि उसके सहयोगी दलों असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 10-10 सीटें जीती हैं।असम सरकार की पूर्व मंत्री बिस्मिता गोगोई ने मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले सभी विधायकों को बधाई दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में मंत्रिमंडल में शामिल सभी लोग सुशासन और समावेशी विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
