September 8, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हनुमान अंश’ उत्तराखंड में टैक्स फ्री, फिल्म देखने के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने की घोषणा

नई दिल्ली। नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री कर दिया गया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी पत्नी गीता धामी के साथ शुक्रवार को देहरादून के हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखने पहुंचे। सीएम के साथ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा सहित अन्य अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने भी फिल्म देखी। सीएम ने फिल्म देखने के बाद कहा, उत्तराखण्ड देवभूमि होने के साथ-साथ महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। नीम करोली बाबा का कैंची धाम आज विश्वभर में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने फिल्म निर्माताओं एवं पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक एवं प्रेरणादायी फिल्मों से समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है। फिल्म ‘हनुमान अंश’ भारत की समृद्ध संत परंपरा, भक्ति, सेवा, प्रेम और मानव कल्याण की भावना को केंद्र में रखती है। फिल्म के माध्यम से नीम करोली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा और उनके जीवन से जुड़े उन मूल्यों को सामने लाने का प्रयास किया गया है, जिनमें ईश्वर के प्रति अटूट श्रद्धा, मानव सेवा, करुणा, प्रेम, विनम्रता और लोककल्याण प्रमुख हैं।

बता दें कि इन दिनों यह फिल्म काफी चर्चा में है। 7 अगस्त 2026 को फिल्म रिलीज हुई थी। हालांकि रिलीज होने के बाद फिल्म को कोई खास रेस्पॉन्स नहीं मिला था मगर धीरे-धीरे फिल्म पॉपुलर होने लगी और देशभर में इसकी चर्चा शुरू हो गई। बड़ी संख्या में लोग अब अपने परिवार के साथ सिनेमाघरों में फिल्म देखने पहुंच रहे हैं। फिल्म की बहुत तारीफ हो रही है। फिल्म को बनाने में लगभग 2 करोड़ की लागत आई थी और अब तक की ग्रॉस कमाई 97.77 करोड़ और नेट कमाई 82.88 करोड़ रुपये दर्ज की गई है। फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है और शोभिनव सतैया फिल्म में प्रमुख भूमिका में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *