September 8, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सहारनपुर जाने से रोके गए अतुल प्रधान, घर के बाहर पुलिस का पहरा

पुलिस से नोकझोंक के बावजूद नहीं जाने दिया गया सहारनपुर, विधायक ने लगाया तानाशाही का आरोप

नरेंद्र बंसल

मेरठ। सहारनपुर कलेक्ट्रेट में धार्मिक स्थल (मस्जिद) तोड़े जाने के विरोध में प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर सोमवार को सरधना विधायक अतुल प्रधान को सहारनपुर जाने से रोक दिया गया। विधायक के मुताबिक, वह एक प्रतिनिधिमंडल के साथ सहारनपुर जाने वाले थे, जिसमें सांसद हरेंद्र मलिक समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की बात थी।

अतुल प्रधान ने बताया कि वह रविवार रात करीब 12 बजे अपने आवास पर पहुंचे। उनके अनुसार, उसी समय से उनके मकान को चारों तरफ से पुलिस ने घेर रखा था। सोमवार सुबह जब उन्होंने सहारनपुर जाने का प्रयास किया तो पुलिस ने उनकी गाड़ी के आगे अपना वाहन खड़ा कर रास्ता रोक दिया।

विधायक ने बताया कि पुलिस अधिकारी संग्राम सिंह भारी पुलिस बल के साथ उनके वाहन के सामने खड़े हो गए और उन्हें सहारनपुर जाने की अनुमति नहीं दी। इस दौरान विधायक और पुलिस के बीच काफी देर तक नोकझोंक और जद्दोजहद की स्थिति बनी रही। इसके बाद पुलिस ने उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया।

अतुल प्रधान का कहना है कि सोमवार को उनकी कोर्ट में भी तारीख थी और उन्हें वहां जाना था, लेकिन पुलिस ने उन्हें जाने नहीं दिया। विधायक ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन घर में नजरबंद किया गया है।

उन्होंने प्रदेश सरकार और पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह भाजपा सरकार की तानाशाही है और पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है। अतुल प्रधान ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के लिए सहारनपुर जाना उनका अधिकार था, लेकिन उन्हें वहां जाने से रोक दिया गया।

हिंद फोकस न्यूज, मेरठ से नरेंद्र बंसल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *