नरेंद्र बंसल –
मेरठ। आईजीआरएस/जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में मेरठ पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। शासन द्वारा अगस्त 2026 की जारी मूल्यांकन रिपोर्ट में मेरठ पुलिस को कुल 135 में से 135 अंक यानी 100 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं।
मूल्यांकन के दौरान शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, डिफॉल्टर संदर्भों की स्थिति, शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक तथा निस्तारित शिकायतों की गुणवत्ता समेत विभिन्न मानकों पर मेरठ पुलिस का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। अगस्त माह में मार्क किए गए 626 संदर्भों के निस्तारण में औसतन महज 0.22 दिवस का समय लगा।
वहीं, पिछले छह माह में प्राप्त औसतन 4805 संदर्भों में माह के अंत तक एक भी संदर्भ डिफॉल्टर नहीं रहा। अगस्त माह में प्राप्त 3506 फीडबैक में से 3336 शिकायतकर्ताओं ने निस्तारण पर संतोष जताया। इस तरह संतोषजनक फीडबैक का प्रतिशत 95.15 प्रतिशत रहा।
इसके अलावा उच्चाधिकारियों द्वारा श्रेणीकृत 65 संदर्भों में एक भी संदर्भ सी-श्रेणी में नहीं आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ द्वारा राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और आईजीआरएस से जुड़े पुलिसकर्मियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने के लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं।
नियमित समीक्षा, प्रभावी पर्यवेक्षण और पुलिसकर्मियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है कि मेरठ पुलिस ने पूर्ण अंक हासिल करते हुए प्रथम रैंक प्राप्त की। मेरठ पुलिस ने जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
