लखनऊ। सीट बंटवारे पर बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी ने सहारनपुर समेत पांच सीटों के लिए उम्मीदवारों का एलान कर दिया। साथ ही कांग्रेस को सिर्फ 26 सीटों का ऑफर दिया। इससे यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद भड़क गए हैं। इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए गंभीरता की कमी तो बताई ही। साथ ही ये सवाल भी उठाया कि गठबंधन कहां है? इमरान मसूद ने क्या-क्या कहा ये सुनने से पहले देखिए कि सीट बंटवारे पर कांग्रेस से बातचीत के दौरान किन पांच सीट पर समाजवादी पार्टी ने प्रत्याशी उतारने का एलान किया है।
इमरान मसूद ने कहा कि एक तरफ तो आप (समाजवादी पार्टी) बातचीत कर रहे और दूसरी तरफ घोषणाएं भी कर रहे। इससे पता चल रहा है कि सीट बंटवारे को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। उन्होंने कहा कि बातचीत गंभीरता से चल रही थी। लोग साथ बैठकर गंभीर चर्चा कर रहे थे, लेकिन अचानक ऐसा क्या हो गया। इमरान मसूद ने कहा कि अब कांग्रेस के भीतर चर्चा करेंगे कि क्या करना चाहिए। यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि उनको ये समझ नहीं आ रहा कि समाजवादी पार्टी उनसे लड़ना चाहती है, कांग्रेस से लड़ना चाहती है या बीजेपी से।
इमरान मसूद ने ये सवाल भी उठाया कि अगर समाजवादी पार्टी इस तरह काम कर रही, तो फिर गठबंधन कहां है? उन्होंने कहा कि बातचीत में समाजवादी पार्टी कुछ कहती है और कुछ और हो जाता है। उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी तरजीह न देने के संकेत दिए। इमरान मसूद ने कहा कि अखिलेश जी क्या कर रहे या क्या नहीं, ये मेरे लिए कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। कांग्रेस मुझसे जो कहेगी, वही करना होगा।
दरअसल, इमरान मसूद चाहते थे कि सहारनपुर ग्रामीण और बेहट सीट कांग्रेस को मिले, लेकिन समाजवादी पार्टी ने मंगलवार देर रात जिन पांच प्रत्याशियों के नाम का एलान किया, उनमें इन दोनों सीटों के प्रत्याशी भी हैं। खास बात ये है कि इसी साल अगस्त के महीने में जिले में विकास कार्यों की देखरेख के लिए हुई DISHA की बैठक में इमरान मसूद और सहारनपुर ग्रामीण से सपा के मौजूदा विधायक और फिर प्रत्याशी बनाए गए आशु मलिक के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई थी। जिसका वीडियो एक बार फिर सोशल मीडिया पर आया है।
