April 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने योगी सरकार का किया धन्यवाद, कानपुर के बुद्धा पार्क से जुड़ा है मामला

नई दिल्ली। बीएसपी सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने योगी सरकार के एक फैसले का स्वागत करते हुए धन्यवाद दिया है। दरअसल कानपुर के कल्याणपुर थानाक्षेत्र के इंद्रानगर में बने बुद्धा पार्क को लेकर कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। साल 1997 में मायावती के शासन काल में इस पार्क का निर्माण कराया गया था। अब इस पार्क को शिवालय पार्क बनाने की तैयारी चल रही थी और यहां 12 ज्योतिर्लिंगों के स्वरूप को स्थापित करने की बात कही जा रही थी। मायावती ने इस बात का विरोध किया था। अब योगी सरकार ने बुद्धा पार्क में शिवालय बनाने का प्रस्ताव रद्द कर दिया है।

योगी सरकार के इस फैसले के बाद मायावती ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, कानपुर के प्रसिद्ध बुद्धा पार्क में शिवालय पार्क बनाने का यह अति-विवादित प्रस्ताव रद्द किये जाने की आज मीडिया में खबर छपी है, जिसका स्वागत व यूपी सरकार को इसके लिये धन्यवाद भी है। उम्मीद है कि सरकार आगे अन्यत्र कहीं भी ऐसा कोई विवाद खड़ा करने के षडयंत्र को गंभीरता से लेकर इसके विरुद्ध सख़्ती करेगी ताकि समाज में शान्ति-व्यवस्था, आपसी भाईचारा एवं सौहार्द का वातावरण बिगड़ने ना पाये।

इससे पहले 31 अगस्त को मायावती ने पोस्ट में लिखा था, संविधान के अनुसार भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है जहां पर विभिन्न धर्मों एवं जातियों के लोग रहते हैं तथा हर धर्म के लोगों के अपने-अपने पूजास्थल हैं, जिसके तहत ही कानपुर नगर में बुद्ध पार्क स्थित है जो यह बौद्ध धर्म एवं अम्बेडकर अनुयायियों के आस्था का केन्द्र है। लेकिन प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस बुद्ध पार्क में जो दूसरे धर्म के पूजा स्थल का निर्माण सरकार द्वारा प्रस्तावित है, यह कतई भी उचित नहीं है। सरकार इसे तत्काल रोके, वरना यहां लोगों के बीच अशान्ति एवं घृणा फैल सकती है। अब विरोध को देखते हुए योगी सरकार ने इस प्रस्ताव को कैंसिल कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *