श्रीलंका से टेस्ट सीरीज खेलने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का एलान, शुभमन गिल कैप्टन और रवींद्र जडेजा की वापसी
मुंबई। बीसीसीआई सिलेक्टर्स ने श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट की सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का एलान कर दिया है। श्रीलंका और भारत के बीच ये टेस्ट सीरीज अगस्त में होगी। श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान शुभमन गिल को बनाया गया है। टीम में ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की भी वापसी हुई है। वो करीब 8 महीने से भारतीय टीम से बाहर थे। इसके अलावा बीसीसीआई सिलेक्टर्स ने टीम में वॉशिंगटन सुंदर की जगह सारांश जैन को भी पहली बार मौका दिया है। सुंदर इंग्लैंड के दौरे के वक्त चोटिल हुए थे।
भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज 15 अगस्त से शुरू होगी। बीसीसीआई ने विकेटकीपर के तौर पर टीम में ऋषभ पंत को रखा है। उनके साथ विकेटकीपिंग के लिए ध्रुव जुरेल को रखा गया है। जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन को भी श्रीलंका के खिलाफ भारत की टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। दोनों की फिटनेस को देखने के बाद फैसला होगा कि वे खेलेंगे या नहीं। श्रीलंका और भारत के बीच पहला टेस्ट मैच 15 से 19 अगस्त तक गॉल में और दूसरा टेस्ट मैच 23 से 27 सितंबर तक कोलंबो में होगा। दोनों ही मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेले जाएंगे। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में भारतीय क्रिकेट टीम अभी पांचवें नंबर पर है।
श्रीलंका के खिलाफ भारत की टेस्ट टीम में केएल राहुल को वाइस कैप्टन बनाया गया है। टीम के अन्य सदस्यों में देवदत्त पडिक्कल, कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार और गुरनूर बरार को भी जगह मिली है। अगर श्रीलंका से दोनों टेस्ट भारत जीत लेता है, तो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में उसकी रैंकिंग ऊपर जा सकती है। भारत और श्रीलंका के बीच अब तक 46 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं। जिनमें से 22 में भारत और 7 में श्रीलंका ने जीत हासिल की थी। जबकि, 17 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे थे। इस तरह भारत का श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में पलड़ा भारी रहा है।
