कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा की मुश्किल बढ़ी, अब बीजेपी ने उनकी पत्नी के पास भी दो एपिक नंबर वाले वोटर आईडी होने का लगाया आरोप
नई दिल्ली। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा की मुश्किल बढ़ गई है। पवन खेड़ा के दो अलग अलग एपिक नंबर वाले वोटर आईडी कार्ड का मामला सामने लाने के बाद बीजेपी ने अब उनकी पत्नी पर भी ऐसा ही आरोप लगाया है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक्स पर स्क्रीनशॉट शेयर कर आरोप लगाया है कि पवन खेड़ा की पत्नी के. नीलिमा के भी दो अलग-अलग वोटर आईडी हैं। बीजेपी प्रवक्ता की ओर से जिन स्क्रीनशॉट को शेयर किया गया है, उनके मुताबिक कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की पत्नी के. नीलिमा के पास दिल्ली और हैदराबाद में अलग-अलग एपिक नंबर वाले वोटर आईडी हैं।
इससे पहले बीजेपी ने पवन खेड़ा के दो एपिक नंबर वाले वोटर आईडी का जब आरोप लगाया था, तो चुनाव आयोग ने कांग्रेस नेता को नोटिस भेजकर जवाब मांगा। पवन खेड़ा को 8 सितंबर तक चुनाव आयोग को बताना है कि आखिर उनके पास दो अलग एपिक नंबर के वोटर आईडी कार्ड क्यों हैं? पवन खेड़ा ने अपने दो वोटर आईडी कार्ड सामने आने के बाद कहा था कि बीजेपी बताए कि उन्होंने कहां-कहां वोट डाला। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक्स पर पोस्ट कर ये आरोप भी लगाया था कि सत्तारूढ़ बीजेपी से साठ-गांठ कर चुनाव आयोग काम कर रहा है।
पवन खेड़ा और उनकी पत्नी के दो एपिक नंबर वाले वोटर आईडी कार्ड के मामले को बीजेपी ने हाथों-हाथ लिया है। इसकी वजह ये है कि कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने बीते दिनों बीजेपी और चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाया था। उस वक्त राहुल गांधी ने दो वोटर आईडी वाले कई लोगों के बारे में दावा किया था कि ऐसे लोग कई जगह वोट डालते हैं। हालांकि, इनमें से कई लोगों ने सामने आकर राहुल गांधी के इस दावे को गलत बताया था। बहरहाल, अब पवन खेड़ा के बाद उनकी पत्नी के. नीलिमा के दो वोटर आईडी होने के आरोप से कांग्रेस के लिए जवाब देना मुश्किल होता दिख रहा है। साथ ही अब चुनाव आयोग की तरफ से पवन खेड़ा की पत्नी को भी नोटिस दिया जाना भी तय है।
