July 28, 2026

Hind foucs news

hindi new update

जापान में 7.1 की तीव्रता का भूकंप, सुनामी का अलर्ट जारी, समुद्री तट के पास रहने वालों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील

नई दिल्ली। जापान के क्यूशू द्वीप पर कुमामोटो में 7.1 तीव्रता के भूकंप का जोरदार झटका महसूस किया गया। जिस क्षेत्र में भूकंप से धरती हिली वो कुमामोटो का पश्चिमी इलाका है जो राजधानी टोक्यो से लगभग 900 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। भूकंप का केंद्र समुद्री सतह से 10 किलोमीटर (6 मील) की गहराई पर था। जापान के मौसम विभाग की तरफ से सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार स्थानीय समयानुसार शाम लगभग 4:29 बजे भूकंप से धरती डोली। समुद्र तट के करीब रहने वाले लोगों से सतर्कता बरतने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील प्रशासन के द्वारा की गई है।

इस भूकंप से फिलहाल जानमाल के हुए नुकसान को लेकर कोई जानकारी नहीं है। सुनामी के चलते आशंका जताई गई है कि समुद्री लहरें कई फीट तक ऊंची उठ सकती हैं। भूकंप के असर का आकलन किया जा रहा है। इसके साथ स्थानीय प्रशासन सुनामी के खतरे पर भी लगातार नजर बनाए हुए है। सभी आपातकाल टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को भूकंप से नुकसान का जल्द से जल्द आकलन किया करने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि जहां कहीं भी लोग हताहत हुए हैं या फंसे हुए हैं उनको सुरक्षित निकालने का काम प्राथमिकता पर किया जाए।

भूकंप के चलते सरकार ने एहतियात के तौर पर क्यूशू शिनकानसेन में बुलेट ट्रेन सेवाओं को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। आपको बता दें कि जापान में अक्सर भूकंप आते रहते हैं। साल 2016 में भी कुमामोटो क्षेत्र में शक्तिशाली भूकंप आया था जिसने काफी तबाही मचाई थी और जानमाल का भारी नुकसान हुआ था। उस घटना में 50 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी जबकि लगभग 1800 लोग घायल हुए थे और तमाम लोग बेघर हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *