नई दिल्ली। सऊदी अरब में हूतियों के ड्रोन और मिसाइल हमलों की भारत ने एक बार फिर कड़ी निंदा की है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सऊदी के अरामको मुख्यालय पर मंगलवार को हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा, सऊदी अरब में आम लोगों के इस्तेमाल वाले बुनियादी ढांचे पर हुए ऐसे सभी हमले तुरंत बंद होने चाहिए। ये बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं हैं। जायसवाल बोले, भारत सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के लिए वहां की जनता और सरकार के साथ है। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में जल्द ही शांति और सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद जताई।
प्रवक्ता जायसवाल ने बताया कि कहा है कि रियाद एयरपोर्ट पर अटैक के बाद भारत से फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव हुआ है लेकिन सऊदी एयरलाइंस के फ्लाइट्स आ-जा रहे हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय दूतावास के जरिए अपने लोगों के संपर्क में है। इससे पहले विदेश मंत्रालय की ओर से सऊदी अरब में रह रहे भारतीयों के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई थी जिसमें उन्हें घर में रहने, हमले से संबंधित वीडियो शेयर न करने और किसी भी सहायता के लिए दूतावास से संपर्क करने की सलाह दी गई थी।
वहीं, दिल्ली में प्रोटेस्ट को लेकर संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय (OHCHR) की टिप्पणी पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि उनकी चिंता अनुचित और अस्वीकार्य है, क्योंकि यह भारत के अंदरूनी मामलों में दखल देने जैसा है। उन्हों यह भी कहा कि यह जिस तरह की टिप्पणी की जा रही है, उससे साफ है दिख रहा है कि कि दोहरे मापदंड का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस प्रकार की चीजें सिर्फ भारत में ही नही हो रही हैं, दूसरी जगहों पर भी हो रही हैं लेकिन हम लोगों को यह देखने को नहीं मिला कि दूसरी जगहों पर हो रही घटनाओं पर उनकी ओर से कोई बयान जारी किया गया हो। इस प्रकार का काम करते रहने से इतनी बड़ी संख्या में लोगों का विश्वास टूट जाएगा।
