नई दिल्ली। हरियाणा के सोहना में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में नूंह मेवात का गो-तस्कर शाहिद उर्फ आडवाणी मारा गया। पुलिस को गोतस्कर शाहिद की थार गाड़ी से दो गाय मिली हैं। वहीं शाहिद के दो साथी बचकर फरार हो गए। शाहिद के खिलाफ हत्या, डकैती, पशु तस्करी, अवैध हथियार रखने और वाहन चोरी जैसे संगीन संगीन अपराधों में विभिन्न पुलिस थानों में 40 से ज्यादा मामले दर्ज थे। 2018 में एक कार चोरी के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था तब उसके अपराधों की फेहरिस्त सामने आई थी। हालांकि उसके बाद वो पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। तब से वो पुलिस की वांटेड लिस्ट में था।
नूंह क्राइम ब्रांच की टीम को यह जानकारी मिली थी कि काले रंग की गाड़ी में मवेशियों को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम अलर्ट हो गई और सोहना-पलवल रोड पर संबंधित काले रंग की थार का पीछा किया। पुलिस टीम को पीछे आता देख सिलानी मोड़ के पास तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई। इस घटना में थार सवार एक तस्कर को गोली लगी और वो घायल हो गया जबकि तड़के सुबह 4 बजे अंधेरे का फायदा उठाकर उसके दो साथी भाग निकले।
पुलिस ने घायल तस्कर को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान नूंह के खड़खड़ी के रहने वाले शाहिद उर्फ आडवानी (27) के रूप में हुई। पुलिस ने शाहिद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। उसकी थार गाड़ी में दो गाय मिलीं, पुलिस ने दोनों गायों को गोशाला पहुंचवाया है। अन्य फरार तस्करों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुलिस टीम आसपास के क्षेत्र में उनकी तलाश कर रही है।
