गुरुग्राम। बांग्लादेश से अवैध तौर पर भारत आने वाले पूरे देश में फैले हुए हैं। कोई राज्य ऐसा नहीं, जहां घुसपैठिए बांग्लादेशी गिरफ्तार न किए जा रहे हों। इसी कड़ी में अब हरियाणा के एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड ने स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप नूंह और रोहतक के साथ मिलकर एक्शन लिया और 14 बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध तौर पर प्रवेश और रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अब तक की जांच में पता चला है कि इन अवैध बांग्लादेशियों के पास न कोई वीजा है और न ही पासपोर्ट। किसी को भी भारत में प्रवेश की कानूनी मंजूरी नहीं मिली थी।
हरियाणा में गिरफ्तार बांग्लादेशियों से और पूछताछ कर उनके बाकी साथियों के बारे में पता किया जा रहा है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक लगातार अवैध रूप से प्रवेश करने वाले विदेशी नागरिकों की पहचान का काम जारी है। पुख्ता खुफिया सूचना मिलने के बाद हरियाणा एटीएस के एसपी वरुण सिंगला के नेतृत्व में टीम बनाई गई। इसमें नूंह और रोहतक एसओजी के जवानों को भी शामिल किया गया। इस टीम ने छापा मारा और सभी बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से बांग्लादेश से संबंधित पहचान पत्र और कागजात बरामद किए गए। जब इन लोगों से भारत में प्रवेश करने और रहने के दस्तावेज मांगे गए, तो वे नहीं दिखा सके। जिसके बाद सभी 14 बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी नागरिकों की उम्र 17 से 37 साल के बीच है। गिरफ्तार बांग्लादेशियों के नाम मोहम्मद राजू मियां, राजू आलम, आरिफुल उर्फ अलाउद्दीन, मोहम्मद लुतफुर रहमान, मोहम्मद फेरुज इस्लाम, मोहम्मद मसूद राणा, साकिब हुसैन, मोहम्मद ज्वेल राणा, मोहम्मद तारिकुल इस्लाम, मोहम्मद अनारुल हक, साकिब राणा, अनवर हुसैन, इलियास अली और गुलाम रब्बानी हैं। इन सभी को हरियाणा के मानेसर स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। बायोमेट्रिक पहचान वगैरा लिए जाने के बाद सभी को बांग्लादेश डिपोर्ट किया जाएगा। इनको भारत में प्रवेश का मौका दिलाने वाले लोगों के बारे में भी पता कर कार्रवाई की जाएगी।
