हरियाणा में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की राहें हुईं जुदा, आप अकेले लड़ेगी विधानसभा चुनाव
नई दिल्ली। हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले ही आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच दरार आ गई है। कांग्रेस के साथ लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ने के बाद अब आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस बाबत घोषणा करते हुए बताया कि आम आदमी पार्टी हरियाणा की सभी 90 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इस दौरान उन्होंने हरियाणा चुनाव के लिए नया नारा दिया ‘बदलेंगे हरियाणा का हाल, अब लाएंगे केजरीवाल।’
पंजाब सीएम ने कहा कि आम आदमी पार्टी अब एक राष्ट्रीय पार्टी बन चुकी है। दो प्रदेशों में हमारी पार्टी की सरकार है। गुजरात और गोवा में हमारे विधायक हैं। चंडीगढ़ में हमारी पार्टी का मेयर है। दिल्ली में एमसीडी हमारे पास है। दिल्ली और पंजाब से हमारे राज्यसभा सांसद भी हैं, इसलिए आम आदमी पार्टी पूरी ताकत के साथ हरियाणा में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। मान ने कहा कि दिल्ली और पंजाब जो कि हरियाणा के दो छोर पर हैं वहां हमारी सरकार है और हरियाणा के लोग भी बदलाव चाहते हैं। सबसे बड़ी बात अरविंद केजरीवाल मूल रूप से हरियाणा से आते हैं। आम आदमी पार्टी पूरी मेहनत के साथ हरियाणा विधानसभा चुनाव में उतरेगी।
वहीं आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि हरियाणा के लोगों को आम आदमी पार्टी से उम्मीद है। हमने दिल्ली और पंजाब में काम करके दिखाया है। दिल्ली के काम की चर्चा पूरी दुनिया में होती है। हरियाणा के हाल को बदलने के लिए इस बार हरियाणा की जनता आम आदमी पार्टी को मौक़ा देगी। आपको बता दें कि कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुडा ने हाल में कहा था कि आम आदमी पार्टी का हरियाणा में कोई आधार नहीं है और कांग्रेस सभी 90 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। राष्ट्रीय स्तर पर इंडिया गठबंधन बरकरार है मगर राज्य स्तर पर किसी भी गठबंधन को लेकर कांग्रेस बहुत आशावादी नहीं है।
