हरियाणा में 23वां जिला बनेगा हांसी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की घोषणा, जल्द जारी होगी अधिसूचना
नई दिल्ली। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज एक बड़ा ऐतिहासिक फैसला करते हुए हांसी को प्रदेश का 23वां जिला बनाने की घोषणा की। इसकी अधिसूचना जल्द ही जारी की जाएगी। हांसी हिसार जिले के अंतर्गत आने वाला नगर परिषद और विधानसभा क्षेत्र है जो आने वाले समय में अलग जिला हो जाएगा। हिसार से हांसी की दूरी लगभग 26 किलोमीटर है। जिला बनने के बाद हांसी में हांसी और नारनौंद तहसील होंगे जबकि हिसार जिले में हिसार और बरवाला तहसील होंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज हांसी में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए आज हांसी को हरियाणा का 23वां जिला बनाने की घोषणा करना मेरे लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। साथ ही अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी किया गया, जिससे यहां के स्थानीय विकास में वृद्धि होगी। यह ऐतिहासिक निर्णय प्रशासन को और अधिक सशक्त बनाएगा और हांसी सहित आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई दिशा और तेज गति प्रदान करेगा।
सीएम ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, रैली में विशाल संख्या में पहुंचे परिवारजनों द्वारा दिया गया स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए अमूल्य है। इस अवसर पर उपस्थित सभी वरिष्ठजनों, जनप्रतिनिधियों और समर्पित कार्यकर्ताओं का मैं हृदय से अभिनंदन करता हूं और उनके निरंतर सहयोग व समर्थन के लिए आभार व्यक्त करता हूं। आपको बता दें कि जून 2013 में हांसी को जिला बनाने की मांग पहली बार उठी थी। इसके बाद 2016 में तत्कालीन हरियाणा सरकार ने हिसार जिले से नया हांसी जिला बनाने का प्रस्ताव रखा था। ऐसा माना जा रहा है कि भिवानी जिले के अंतर्गत आने वाले बवानी खेड़ा के कुछ गांव भी हांसी जिले में शामिल किए जाएंगे। 1966 में जब हरियाणा राज्य का गठन हुआ था तब यहां कुल 7 जिले थे। धीरे-धीरे जिलों की संख्या बढ़ती गई और वर्तमान में यहां 22 जिले हैं जो अब 23 होने जा रहे हैं।
