September 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ममता बनर्जी की पार्टी MAITC का ‘लोगो’ जारी, नीले रंग के बैकग्राउंड में ‘फुटबॉल खिलाड़ी’ सिंबल

नई दिल्ली। चुनाव आयोग के द्वारा ममता बनर्जी की पार्टी को नया नाम ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ और ‘फुटबॉल खिलाड़ी’ चुनाव चिह्न आवंटित किए जाने के बाद ममता बनर्जी ने आज पार्टी का लोगो जारी कर दिया है। लोगों में नीले रंग का बैकग्राउंड रखा गया है जिसमें बीच में पार्टी का सिंबल फुटबॉल खिलाड़ी बना हुआ है। सिंबल के चारों तरफ गोल घेरे में ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस लिखा हुआ है। इसके अलावा तिरंगे के दो निशान भी बने हुए हैं। ममता चाहती हैं कि छह अक्टूबर को रेजिनगर और नंदीग्राम में होने वाले उपचुनाव से पहले उनकी पार्टी का नया नाम और लोगों हर घर तक पहुंच जाए।

विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस में बड़ी बगावत देखने को मिली और पार्टी दो धड़ों में बंट गई। ममता बनर्जी के विरोधी गुट ने चुनाव आयोग के समक्ष याचिका दायर कर टीएमसी पर अधिकार का दावा जता दिया। चुनाव आयोग ने इस मुद्दे पर अंतरिम फैसला लेते हुए फिलहाल ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और उसके सिंबल ‘घास पर दो फूल’ को अस्थाई तौर पर फ्रीज पर दिया जबकि ममता और बागी गुट को नया नाम और चुनाव चिह्न एलॉट कर दिया। ममता के बागी गुट को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘लिफाफा’ चुनाव चिह्न आवंटित किया है।

उधर, रेजिनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव से पहले बीते शुक्रवार और शनिवार को बड़ा राजनीतिक ड्रामा देखने को मिला। नंदीग्राम से ममता की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे शुक्रवार को सीएम शुभेंदु अधिकारी से मिलीं और उसके बाद उन्होंने चुनाव से अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद ममता ने कांग्रेस के उम्मीदवार मिलन प्रधान को सपोर्ट कर दिया। मगर उसी दिन मिलन प्रधान को पुलिस ने हत्या से जुड़े एक पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया। उसके अगले दिन शनिवार को रेजिनगर से ममता की पार्टी के उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी ने चुनाव से पीछे हटने की घोषणा कर दी। हालांकि बाद में ममता बनर्जी के समझाने के बाद वो मान गए और चुनाव लड़ने पर तैयार हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *