‘कोलकाता पर करेंगे हमला’, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने फिर दी गीदड़भभकी
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की चेतावनी से पाकिस्तान बौखला गया है। नतीजे में भारत से हर युद्ध में पिटने वाला पाकिस्तान गीदड़भभकी देना जारी रखे हुए है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शनिवार को एक बार फिर गीदड़भभकी दी है। ख्वाजा आसिफ ने कहा कि भविष्य में भारत ने अगर किसी तरह दुस्साहस की कोशिश की, तो उसका जवाब कोलकाता पर हमले से दिया जाएगा। आसिफ का ये बयान कितना खोखला है, ये इसी से साफ है कि करीब एक साल पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने किस तरह घुटने टेककर भारत से सैन्य कार्रवाई रोकने की गुहार लगाई थी।
ख्वाजा आसिफ ने कहा कि अगर भारत इस बार कोई कदम उठाता है, तो हम उसे कोलकाता तक ले जाएंगे। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा कि अगर उनके (भारत के) लोगों या पाकिस्तानियों के जरिए झूठा अभियान चलाया गया और कुछ शवों को कहीं लिटाकर आतंकवादी बताया गया, तो हम ऐसा करेंगे। दरअसल, बीते दिनों रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि अगर मौजूदा हालात में पड़ोसी देश ने कोई दुस्साहस किया, तो उसके खिलाफ निर्णायक और अभूतपूर्व कार्रवाई होगी। राजनाथ सिंह के इसी बयान पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री बौखलाकर गीदड़भभकी दे रहे हैं।
ख्वाजा आसिफ ने इससे पहले शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट कर लिखा था कि राजनाथ सिंह का बयान एक पैटर्न का हिस्सा है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा कि ये पहले से तय रणनीति का हिस्सा है। जिसमें खुद की कमजोरी छिपाने और राजनीतिक हित के लिए तनाव बढ़ाने की कोशिश की जाती है। ख्वाजा आसिफ ने लिखा कि अगली बार हमारा जवाब और ताकतवर व निर्णायक होगा। पाकिस्तान के खिलाफ भारत के ऑपरेशन सिंदूर का एक साल होने वाला है। ऐसे खुफिया इनपुट हैं कि पाकिस्तान की सेना और आतंकियों ने मिलकर भारत में बड़ा हमला करने की साजिश रची है। इन इनपुट के आने के बाद ही राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना निर्णायक कार्रवाई की चेतावनी दी थी। पाकिस्तान के तमाम नेता और सेना प्रमुख आसिम मुनीर इसी तरह की गीदड़भभकियां देते रहे हैं, लेकिन भारत से मुकाबले में हर बार उनको मुंह की खानी पड़ी है।
