ढाका। बांग्लादेश में लगातार हिंसा हो रही है। इसी कड़ी में बांग्लादेश के फरीदपुर के गोलचामत नए बस स्टैंड में अज्ञात उपद्रवियों ने एक बस में आग लगा दी। जिससे बस के 60 साल के ड्राइवर मोहम्मद कालाचांद शेख की जिंदा जलकर मौत हो गई। ड्राइवर बस खड़ी कर सो रहा था। वहीं, उपद्रवियों पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। बीते 24 घंटे में बांग्लादेश पुलिस ने 19 और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है।
बांग्लादेश के अखबारों के मुताबिक राजधानी ढाका, सावर और गाजीपुर में भी उपद्रवियों ने बसों को आग लगाकर फूंक डाला। झेनैदाह में उपद्रवियों ने इस्लामिक यूनिवर्सिटी के 35 छात्रों को ले जा रही डबल डेकर बस पर भी पेट्रोल बम फेंका। शैल्कूपा इलाके के ड्रैगन बागान में ये हमला किया गया। बस पर सवार सभी छात्र बाल-बाल बचे। मीरपुर-11 पोस्ट ऑफिस के सामने भी एक बस में आगजनी की गई। गेंडा और बालियारपुर में भी बसों को देर रात आग के हवाले किया गया। बांग्लादेश में सोमवार को छह बसों को जलाने की जानकारी वहां की मीडिया ने दी है। वहीं, तमाम जगह बम फेंकने की घटनाएं हुईं। ढाका के मोहम्मदपुर इलाके में टोक्यो स्क्वॉयर पर दो बम फेंककर अज्ञात उपद्रवी भाग खड़े हुए।
ढाका के बनश्री, यूनिवर्सिटी कैंपस, मोहाखाली और चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट के बाहर भी बमबाजी की गई। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने उपद्रवियों पर शिकंजा कसने की कवायद के तहत राजधानी में 160 जगह चेकप्वॉइंट बनाए हैं। बड़ी तादाद में सुरक्षाबलों की तैनाती भी हिंसाग्रस्त इलाकों में की गई है। बांग्लादेश में कपड़ा मिल मजदूरों ने सैलरी बढ़ाने की मांग पर विरोध-प्रदर्शन शुरू किया था। जिसके बाद से ही हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। हिंसा की घटनाओं के बीच बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना ने दिसंबर में अपने देश लौटने का एलान किया है। जिसके लिए उन्होंने बांग्लादेश की तारिक रहमान सरकार से पासपोर्ट और नेशनल आइडेंटिटी कार्ड जारी करने की मांग की है।
