यूपी

यूपी में 3.38 करोड़ वोटरों के नाम गायब!, चुनाव आयोग ने जांच के आदेश दिए; सीएम योगी ने हिंदुओं के नाम काटने पर चिंता जताई थी

शेयर करें:

लखनऊ। बीते दिनों यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा था कि यूपी में 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम कटे हैं और मुस्लिम वोटरों की तादाद 1.65 फीसदी बढ़ी है। इस पर सीएम योगी ने चिंता जताई थी। दैनिक हिंदुस्तान अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक अब ये पता चला है कि यूपी में 1.27 करोड़ नहीं, बल्कि 3.38 करोड़ वोटरों के नाम कम हैं। ये संख्या पंचायत और निकाय चुनाव की वोटर लिस्ट की विधानसभा चुनाव की वोटर लिस्ट से मिलान करने पर पाई गई है। ये खुलासा होने पर चुनाव आयोग ने तीनों वोटर लिस्ट से नामों का मिलान करने का आदेश दिया है।

अखबार की रिपोर्ट में कहा गया है कि यूपी की पंचायत वोटर लिस्ट में 12.58 करोड़ वोटर हैं। जबकि, विधानसभा चुनाव की वोटर लिस्ट के मुताबिक ग्रामीण इलाकों में 10.28 करोड़ ही वोटर हैं। यानी दोनों वोटर लिस्ट में शामिल मतदाताओं की संख्या में 2.38 करोड़ का घालमेल है। इसी तरह शहरों के निकायों के लिए तैयार वोटर लिस्ट में 4.32 करोड़ वोटर हैं। वहीं, शहरों की विधानसभा चुनाव के लिए वोटर लिस्ट में 3.31 करोड़ वोटर ही हैं। ऐसे में पंचायत और निकाय चुनाव की वोटर लिस्ट मिलाकर कुल 16.90 करोड़ वोटर हैं। वहीं, विधानसभा चुनाव की वोटर लिस्ट में 13.52 करोड़ वोटर ही हैं। वोटरों की संख्या में गड़बड़ी का मामला उस वक्त सामने आया, जब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रायबरेली के मकदूमपुर गांव में वोटरों की संख्या के विवाद में जांच के आदेश दिए।

मकदूमपुर गांव में पंचायत की वोटर लिस्ट में 1987 वोटरों के नाम थे। जबकि, विधानसभा चुनाव की वोटर लिस्ट में 1549 वोटर ही दिखाए गए। इलाहाबाद हाईकोर्ट में इस गड़बड़ी को चुनौती दी गई। कोर्ट के आदेश पर 448 वोटरों की जांच हुई। चुनाव आयोग ने पाया कि 44 वोटर पास के पोलिंग स्टेशन ट्रांसफर हुए। जबकि, 290 अपात्र, दूसरी जगह चले गए और डुप्लीकेट थे। अब जांच का आदेश जारी किया गया है। ताकि और जगह वोटरों की असली संख्या का पता चल सके। ये शिकायत भी हो रही है कि तमाम बीएलओ अपने इलाके के घरों में नहीं गए। उन्होंने नाम कटवाए। एक उदाहरण लखनऊ का दिया जा रहा है। मुस्लिम बहुल लखनऊ पश्चिम विधानसभा सीट पर 55997 नए वोटर जुड़े हैं। जबकि, हिंदू बहुल लखनऊ उत्तर विधानसभा सीट पर 1.44 लाख वोटरों के नाम काटे गए हैं।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें