नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक में 22 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय एवं संस्कृत विद्यालयों में कार्यरत शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्रदान किए जाने का प्रस्ताव मंजूर हो गया है। इसके अलावा बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और उनके आश्रितों को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पारित हुआ है। साथ ही पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने एक गाय पर 40,000 रुपये तक का अनुदान और बीमा योजना को मंजूरी दी है।
कैबिनेट बैठक में पास हुए अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव –
– यूपी में चार लिंक एक्सप्रेसवे, फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को जोड़े जाने हेतु लिंक एक्सप्रेसवे, झांसी लिंक एक्सप्रेसवे, जेवर लिंक एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के विकासकर्ताओं के चयन को मंजूरी
– प्रयागराज में हाईकोर्ट के अधिकारियों के लिए 845 आवास बनाने को वित्तीय मंजूरी देने का प्रस्ताव पास
– यूपी में साइबर सुरक्षा ऑपरेशंस सेंटर की स्थापना का प्रस्ताव पारित
– लखनऊ-हरदोई में 1000 एकड़ में विकसित होगा पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क, मास्टर डेवलपर के चयन का प्रस्ताव पास
– यूपी में PRAGATI रोबोटिक्स पार्क की स्थापना का प्रस्ताव पर मोहर
– मैनपुरी में सैनिक स्कूल के लिए 9.524 हेक्टेयर भूमि निःशुल्क हस्तांतरित करने का प्रस्ताव पास
– झांसी और ललितपुर में भंडारगृह निर्माण के लिए निःशुल्क भूमि उपलब्ध कराने को हरी झंडी
– एफडीआई और वैश्विक कंपनियों के निवेश को लेकर इम्पावर्ड कमेटी के फैसले को कैबिनेट की मंजूरी
– यूपी की GCC नीति-2024 के तहत उच्चस्तरीय समिति की संस्तुतियों को मंजूरी देने का प्रस्ताव पास
– उत्तर प्रदेश अंतर्देशीय जलयान नियमावली-2026 के प्रख्यापन का प्रस्ताव पारित
– प्रयागराज में ऑडिटोरियम और वर्किंग वुमन हॉस्टल के निर्माण को मिली हरी झंडी
– लखनऊ और वाराणसी में सीवरेज-पेयजल से जुड़ी 7 परियोजनाओं के व्यय प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी
