अगर कोई अपराधी है, बचेगा नहीं…अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में योगी आदित्यनाथ की पहली प्रतिक्रिया
नई दिल्ली। अयोध्या के राम मंदिर से चढ़ावा चोरी होने का मामला इस समय देशभर में छाया हुआ है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर इसको लेकर पहली बार प्रतिक्रिया आई है। रामनगरी पहुंचकर योगी ने कहा कि हमने ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी जांच बिठाई है। SIT जांच दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेगी, इसमें कोई संदेह नहीं है। मैं सभी पक्षों से अनुरोध करता हूं कि कोई भी ऐसी अनर्गल टिप्पणी और बातें ना हों जो राम भक्तों की भावनाओं को आहत करती हों। अगर किसी के पास कोई सबूत है तो वो कृपया SIT को दे दें। अगर कोई अपराधी है, कोई भी होगा, बचेगा नहीं यह सुनिश्चित है।
योगी ने राम भक्तों से विनम्र अपील करते हुए कहा कि प्रभु राम ने हमें मर्यादा का पाठ पढ़ाया है। हम लोगों के पूर्वजों ने प्रभु श्रीराम के स्थान को लेने के लिए मर्यादित रहते हुए 500 वर्षों तक संघर्ष किया है। 15 दिन और देख लो, इंतजार कर लो, चिंता मत करो। लेकिन हम अयोध्या को बदनाम करने वाले, राम जन्मभूमि मंदिर को अपमानित करने वाले लोगों के बहकावे में कतई न आएं। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि यह लोग कभी नहीं चाहेंगे कि अयोध्या का सम्मान हो, अयोध्या का नाम हो क्योंकि यह लोग स्वयं क्षमता विहीन थे। इन्होंने अयोध्या को बिजली नहीं दी, संकरी गलियों में बांध दिया था। आज दुष्प्रचार करके हमारे अयोध्याधाम को अपमानित करते हैं।
योगी बोले, इनका आचरण आपके सामने है, इन लोगों ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाई हैं। जय श्री राम बोलने पर लाठी भांजते थे। भगवान राम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा करते थे और हर तरह की बाधाएं खड़ी करके कोर्ट में अपने अधिवक्ता खड़े करके रोड़े अटकाने का काम करते थे। यह लोग उपदेश देना बंद करें। एसआईटी की रिपोर्ट आने तक कोई बयानबाजी कतई न करें। जांच चलने दें, अनावश्यक रूप से चरित्रहनन करने और अयोध्याधाम को बदनाम करने का कुत्सित प्रयास न करें।
