August 3, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की साजिश रची, पश्चिम बंगाल एसटीएफ के हत्थे चढ़ी हमीम की गर्लफ्रेंड ने किया खुलासा

कोलकाता। पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने आतंकी हमला कर दिल्ली को दहलाने की साजिश रची थी। ये खुलासा झारखंड से पश्चिम बंगाल एसटीएफ के हत्थे चढ़ी अर्पिता सरकार ने पूछताछ में किया है। अर्पिता सरकार के साथ ही पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने बर्धमान से हमीम मंडल को गिरफ्तार किया था। पश्चिम बंगाल एसटीएफ के सूत्रों के मुताबिक जैश के संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल की गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार ने पूछताछ में बताया कि उसने बातचीत सुनी थी। जिसमें दिल्ली को दहलाने की बात कही जा रही थी।

झारखंड के साहिबगंज स्थित बड़हरवा से गिरफ्तार अर्पिता सरकार ने पश्चिम बंगाल एसटीएफ को बताया कि वो ग्रेजुएशन कर रही है। करीब चार साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हमीम मंडल से उसका संपर्क हुआ। दोनों ने इसके बाद कई बार मुलाकात भी की। एसटीएफ के सूत्रों के हवाले से मीडिया ने खबर दी है कि हमीम मंडल को दिल्ली के साथ ही देश में कई जगह आतंकी वारदात करनी थी और नामचीन लोगों को भी टारगेट बनाना था। हमीम मंडल के खिलाफ पाकिस्तानी हैंडलर और स्थानीय गुर्गों की मदद से हथियारों की खरीद, सुरक्षा प्राप्त महत्वपूर्ण लोगों और प्रतिष्ठानों की रेकी, नामचीन लोगों को अगवा करने की साजिश और देश की सुरक्षा को खतरा पैदा करने समेत कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

इससे पहले पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने शक जताया था कि अर्पिता सरकार की मदद से हमीम मंडल बड़े अफसरों और नामचीन नेताओं को हनीट्रैप में फंसाना चाहता था। इसके अलावा हमीम मंडल के बारे में ये शक भी है कि वो पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी की हत्या की भी साजिश रच रहा था। इस मामले में पश्चिम बंगाल एसटीएफ की जांच अभी जारी है। फिलहाल एसटीएफ का इरादा इस पूरे मॉड्यूल के खुलासे का है। माना जा रहा है कि हमीम के साथ और लोग भी जुड़े हुए थे। बर्धमान के जिस अपार्टमेंट में हमीम मंडल रहता था, वहां के लोगों को भी उसके बारे में कुछ खास जानकारी नहीं। हमीम की गिरफ्तारी के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले भौंचक्के रह गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *