September 7, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राम मंदिर की व्यवस्था में होगा आमूलचूल बदलाव, चढ़ावे की रकम से लेकर श्रद्धालुओं के हित में ये कदम उठाने की तैयारी

अयोध्या। राम मंदिर में एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्र (रिटायर्ड) की पहले सीईओ के तौर पर नियुक्ति के बाद अब व्यवस्था में आमूलचूल बदलाव होने जा रहा है। अमर उजाला अखबार ने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि के हवाले से ये खबर दी है। गोविंद देव गिरि ने कहा है कि राम मंदिर में रोज आने वाले श्रद्धालुओं और उनसे मिलने वाले दान का ब्योरा ट्रस्ट की वेबसाइट पर सार्वजनिक किया जाएगा।

गोविंद देव गिरि ने कहा है कि राम मंदिर की सभी व्यवस्था अपडेट की जाएंगी। श्रद्धालुओं के सामने चढ़ावे की सारी जानकारी होगी। इसके अलावा राम मंदिर में पूजा-पाठ की पद्धति, धार्मिक परंपराएं और उत्सवों को संतों और विद्वानों के मार्गदर्शन में ही कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर की प्रशासनिक और व्यावहारिक व्यवस्था में आधुनिक प्रबंधन सिस्टम अपनाया जाएगा। इसके अलावा राम मंदिर ट्रस्ट ने तय किया है कि यहां की व्यवस्थाओं में अयोध्या के संतों और स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाई जाएगा। ताकि राम मंदिर और शहर में रहने वालों के बीच जुड़ाव मजबूत हो।

खबर में बताया गया है कि अयोध्या का राम मंदिर ट्रस्ट सीता रसोई और अन्नक्षेत्र की अभी की व्यवस्था पर भी विचार कर रहा है। ट्रस्ट चाहता है कि राम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को सम्मानजनक, व्यवस्थित और बेहतर तरीके से प्रसाद और भोजन दिया जाए। सीता रसोई में श्रद्धालुओं को खिचड़ी खिलाई जाती है। उसकी जगह अब अन्य भोजन भी दिए जाने की तैयारी है। राम मंदिर में बीते दिनों बड़ी धनराशि चोरी होने की जानकारी सार्वजनिक हुई थी। इस मामले में कैश चढ़ावा गिनने के काम में लगे आठ लोग गिरफ्तार किए गए हैं। इसके अलावा राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव पद से चंपत राय और सदस्य पद से डॉ. अनिल मिश्र को इस्तीफा देना पड़ा था। इस घटना के बाद ही राम मंदिर की व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए सीईओ की नियुक्ति करने का फैसला किया गया। नए सीईओ ने पदभार संभाल लिया है। वो व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *