नई दिल्ली। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) का आज 65वां स्थापना दिवस है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई अन्य नेताओं ने ITBP के स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए जवानों के शौर्य और उनके साहस की सराहना की है। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, ITBP के स्थापना दिवस पर, इसके सभी कर्मियों को बधाई। ITBP के ‘हिमवीरों’ ने अपनी असाधारण वीरता और बहादुरी से हमेशा खुद को साबित किया है। उन्होंने हमेशा अद्भुत दृढ़ संकल्प के साथ हर चुनौती का सामना किया है। उनकी नि:स्वार्थ सेवा और बलिदान देश के लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, बर्फ से ढके पहाड़ों में ‘हिमवीरों’ की वीरता की गूंज सुनाई देती है, जो हमारे देश की सुरक्षा के लिए डटे रहते हैं और हर खतरे को नेस्तनाबूद कर देते हैं। सबसे कठिन मौसम में भी डटे रहने का उनका जज्बा, सुरक्षा के प्रति भारत के दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उन शहीदों को नमन, जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ITBP स्थापना दिवस पर सभी कर्मियों और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई दी है। राजनाथ सिंह ने कहा, ITBP के ‘हिमवीरों’ ने अत्यंत कठिन जलवायु परिस्थितियों में भारत की सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने आंतरिक सुरक्षा अभियानों में भी अहम योगदान दिया है, जिसमें वामपंथी उग्रवाद से निपटने के प्रयास भी शामिल हैं। उनका साहस, पेशेवर रवैया और कर्तव्य के प्रति अटूट समर्पण, राष्ट्र सेवा की सर्वोत्तम परंपराओं को दर्शाता है।
आपको बता दें कि भारत-चीन युद्ध के बाद 24 अक्टूबर 1962 को ITBP की स्थापना हुई थी। ITBP केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन काम करता है। अरुणाचल प्रदेश से लेकर लद्दाख तक फैली लगभग 3,488 किलोमीटर लंबी भारत-चीन सीमा पर ITBP के जवान सुरक्षा देते हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ अभियानों और अन्य आंतरिक सुरक्षा अभियानों में ITBP का अहम योगदान है।
