April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अरविंद केजरीवाल की बढ़ सकती है दिक्कत, दिल्ली के सीएम हाउस को शीशमहल जैसा बनाने के आरोप में सीवीसी ने लिया ये एक्शन!

नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल कई मुश्किलों में पहले से ही घिरे हैं। अब एक नई मुश्किल का सामना उनको करना पड़ सकता है। बीजेपी के नेता विजेंदर गुप्ता ने कहा है कि केंद्रीय सतर्कता आयोग यानी सीवीसी ने दिल्ली के सीएम हाउस में अवैध निर्माण और वित्तीय अनियमितताओं के बारे में रिपोर्ट सौंपने के लिए सीपीडब्ल्यूडी को लिखा है। विजेंदर गुप्ता का ये भी कहना है कि सीवीसी ने आश्वासन दिया है कि तथ्यात्मक रिपोर्ट आने के बाद जरूरी एक्शन लिया जाएगा। बता दें कि दिल्ली के सीएम हाउस में सौंदर्यीकरण को शीशमहल का नाम देकर अरविंद केजरीवाल को बीजेपी लगातार घेरती रही है।

बीजेपी ने आरोप लगाया था कि दिल्ली के 6 फ्लैगस्टाफ रोड स्थित सीएम आवास का अरविंद केजरीवाल के सीएम रहते सौंदर्यीकरण कराया गया। बीजेपी का आरोप है कि इसमें 45 करोड़ रुपए खर्च किए गए। ऑटोमैटिक टॉयलेट सीट, महंगे पर्दे और बहुत सारा महंगा सामान लगाने का आरोप बीजेपी ने लगा रखा है। बीजेपी ने ये आरोप भी लगाया कि दिल्ली के सीएम हाउस में नया ढांचा तैयार किया गया। वहीं, मीडिया ने पहले खबर दी थी कि सीएम हाउस में आंतरिक सजावट पर 11.30 करोड़ खर्च किए गए। संगमरमर लगाने पर 6.02 करोड़ खर्च हुए, अलमारी पर 1.41 करोड़, बिजली की फिटिंग्स पर 2.58 करोड़ खर्च किए गए। लाखों की कीमत की टॉयलेट सीट और स्वचालित पर्दे लगाने की बात भी कही गई थी।

दिल्ली के सीएम हाउस में करोड़ रुपए खर्च किए जाने के मसले पर अरविंद केजरीवाल ने तो अब तक खुद कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन उनकी आम आदमी पार्टी ने जरूर ये बयान दिया कि दिल्ली का सीएम हाउस निजी संपत्ति नहीं है। आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया था। अब सीवीसी की तरफ से जांच कर रिपोर्ट मांगे जाने के बाद दिल्ली की सियासत और गर्माने के आसार हैं। सीवीसी का काम सरकारी कर्मचारियों और पद संभालने वालों के हर तरह के भ्रष्टाचार पर नजर रखना है। सीवीसी ऐसे मामलों की नजरदारी करने वाली देश की सबसे बड़ी संवैधानिक संस्था है।