महाराष्ट्र

महाराष्ट्र के जलगांव में आरएसएस के पथ संचलन के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश नाकाम, पुलिस ने लाठीचार्ज किया

शेयर करें:

जलगांव। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रहा है। शताब्दी वर्ष के तहत देश में तमाम जगह आरएसएस के स्वयंसेवकों का पथ संचलन कार्यक्रम हो रहा है। आरएसएस के पथ संचलन का कार्यक्रम रविवार को महाराष्ट्र के जलगांव में था। उस दौरान एक मस्जिद के सामने से आरएसएस स्वयंसेवकों के निकलने के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। पुलिस ने बल प्रयोग कर इस कोशिश को नाकाम कर दिया।

जानकारी के मुताबिक जलगांव के यावल तालुका स्थित किनगांव में आरएसएस का पथ संचलन था। पथ संचलन करते हुए स्वयंसेवक जब एक मस्जिद के सामने से निकले, तो इलाके के पुरुषों ने महिलाओं को सड़क पर बिठाकर धरना करवा दिया। इसी दौरान कुछ जगह पथराव की घटनाएं होने लगीं। माहौल बिगड़ता देख पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने उपद्रव की कोशिश कर रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। भीड़ जब मौके से छंटी, तो आरएसएस का पथ संचलन पूरा कराया जा सका। तनाव को देखते हुए किनगांव में बड़ी तादाद में पुलिस को तैनात किया गया है।

जलगांव का जिला प्रशासन भी आरएसएस के पथ संचलन के दौरान हुई घटना के बाद अलर्ट हो गया है। जलगांव के एसपी श्रीकांत धिवरे, एएसपी संदीप गावित और अन्य पुलिस और प्रशासन के अफसर किनगांव पहुंचे और सुरक्षा की स्थिति का जायजा लिया। यहां उपद्रव करने की कोशिश और पथराव कर हालात बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी है। बड़ा सवाल ये है कि पुलिस को पहले ही क्यों पता नहीं चला कि किनगांव में आरएसएस स्वयंसेवकों के पथ संचलन के दौरान इस तरह से हंगामा और माहौल बिगाड़ने की कोशिश हो सकती है। फिलहाल, इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा कड़ी की गई है। बता दें कि महाराष्ट्र में पहले भी कई जगह हिंदुओं के पर्वों पर विरोध और हिंसा की कोशिश की घटनाएं होती रही हैं। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने ऐसे हर मामले में सख्त रवैया अपनाते हुए कार्रवाई की है।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें