BMC चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति तैयार, सोनू सूद, मिलिंद सोमन और रितेश देशमुख को मेयर प्रत्याशी बनाने पर मंथन
नई दिल्ली। साल 2022 में होने वाले बृहन्नमुंबई म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के चुनावों के लिए मुंबई कांग्रेस ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। जिसके तहत महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के बेटे और अभिनेता रितेश देशमुख के साथ मॉडल मिलिंद सोमण और अभिनेता सोनू सूद जैसे व्यक्तित्वों को मेयर प्रत्याशी बनाने का सुझाव दिया गया है। इस पर मुंबई कांग्रेस का कहना है कि आने वाले चुनावों में पार्टी को इसी तरह के उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारने के बारे में विचार करना चाहिए। कांग्रेस के रणनीतिक दस्तावेज भी सामने आए हैं जिनमें इन तीनों अभिनेताओं के नाम का जिक्र किया गया है। हालांकि इनमें से कोई भी अभी तक पार्टी का सदस्य नहीं है।
25 पेज की इस स्ट्रेटजी डॉक्यूमेंट को मुंबई कांग्रेस के सचिव गणेश यादव द्वारा तैयार किया गया है। जिसे पार्टी के सभी सदस्यों के सामने पेश किया जाना बाकि है। अगले कुछ दिनों में इस दस्तावेज को एआईसीसी सचिव और महाराष्ट्र के इंचार्ज एचके पाटिल के समक्ष पेश किया जाएगा। इस पर कांग्रेस सचिव का कहना है कि मुंबई कांग्रेस प्रेसिडेंट भाई जगताप पार्टी के सीनियर नेताओं के साथ दस्तावेज पर चर्चा करेंगे। दस्तावेज में सलाह दी गई है कि पार्टी को चुनाव से पहले मेयर कैंडिडेट घोषित कर देना चाहिए और ऐसे लोगों को मौका दिया जाना चाहिए जिनके पास किसी भी तरह का राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं है।
जारी किए जा रहे दस्तावेज में यह भी कहा जा रहा है कि अगर कांग्रेस पार्टी खुद के बूते ही चुनाव लड़ने का फैसला करती है। तो उसे तत्काल 147 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर देना चाहिए जहां कांग्रेस का कोई भी पार्षद नहीं है और कोई वरिष्ठ नेता भी नहीं है। हितों का टकराव नहीं होना चाहिए।
