April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मुंबई के दादर स्टेशन पर सूटकेस में मिली लाश, ठिकाने लगाने जा रहे 2 आरोपी गिरफ्तार

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के दादर स्टेशन पर सूटकेस से एक दिव्यांग की लाश बरामद की गई। 2 लोग इस लाश को सूटकेस में भरकर ठिकाने लगाने ले जा रहे थे। दादर स्टेशन पर शक होने के बाद पुलिस ने सूटकेस खुलवाया। इतनी देर में एक शख्स फरार हो गया। सूटकेस खुलते ही जब लाश निकली, तो दूसरे आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में पुलिस ने दादर स्टेशन से फरार हुए आरोपी को भी उल्हासनगर से गिरफ्तार किया। जिस शख्स की हत्या की गई और जिन 2 लोगों पर हत्या और लाश को ठिकाने लगाने का आरोप है, वे सभी दिव्यांग हैं।

पुलिस के अनुसार मृतक का नाम अरशद खान है। जबकि, लाश को ठिकाने लगाने जा रहे आरोपियों के नाम सुजीत सुरेंद्र सिंह और प्रवीण चावड़ा हैं। सुजीत ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसने अरशद की हत्या महाराष्ट्र के ही पिढ़ौनी में की थी। सुजीत ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले वो, अरशद खान और प्रवीण चावड़ा साथ थे। किसी बात पर सुजीत की अरशद से बहस हो गई। बहस जब टकराव में बदली, तो सुजीत ने अरशद के सिर पर हथौड़ा मार दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने अरशद खान की लाश को ठिकाने लगाने के लिए सूटकेस में भरा और दादर स्टेशन पर ट्रेन में बैठकर ऐसा करने जा रहे थे।

पहले भी भारत में सूटकेसों में लाश मिलने की घटनाएं हो चुकी हैं। ज्यादातर मामलों में प्रेमी की तरफ से प्रेमिका की हत्या के बाद लाश को सूटकेस में भरकर फेंकने का खुलासा हुआ था। दादर में पुलिस की गहन निगरानी के कारण सुजीत और प्रवीण को अरशद खान की लाश ले जाने में सफलता नहीं मिली। मुंबई के दादर थाने की पुलिस इस मामले में और जांच कर रही है।